सामंथा की तेलंगाना सरकार से मांग, जारी की जाए तेलुगु फिल्म उद्योग में यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट

मलयालम फिल्म उद्योग में महिलाओं के शोषण और उत्पीड़न पर जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे के बाद कई महिला कलाकारों ने मुखर होकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है और अपने साथ हुए उत्पीड़न के बारे में भी बात की।इस मामले के बाद सामंथा रुथ प्रभु ने भी तेलंगाना सरकार से यौन उत्पीड़न पर रिपोर्ट जारी करने की गुजारिश की है।सामंथा रुथ प्रभु ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में वूमेन इन सिनेमा कलेक्टिव (डब्ल्यूसीसी) के एक नोट को शेयर करते हुए तेलुगु फिल्म उद्योग में यौन उत्पीड़न पर रिपोर्ट जारी करने की मांग की। नोट में लिखा है कि तेलुगु फिल्म उद्योग की महिलाएं जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट का स्वागत करती हैं और केरल में डब्ल्यूसीसी द्वारा की गई कोशिशों की भी सराहना करती हैंडब्ल्यूसीसी के लगातार प्रयासों की बदौलत जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट में हैरान कर देने वाले खुलासे हुए हैं। इसी की तर्ज पर साल 2019 में तेलुगु फिल्म उद्योग में काम करने वाली महिलाओं के लिए द वॉयस ऑफ वीमेन नाम के एक सहायता समूह की स्थापना की गई थी। इसी समूह द्वारा अब तेलंगाना सरकार से टॉलीवुड में यौन उत्पीड़न पर उप समिति की रिपोर्ट प्रकाशित करने का आग्रह किया गया है।जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट आने के बाद निर्देशक रंजीत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अन्य लोगों में मुकेश, सिद्दीकी, मनियानपिला राजू, इदावेला बाबू और जयसूर्या भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। मालूम हो कि इस समिति का गठन साल 2017 में दिलीप द्वारा एक अभिनेत्री पर हमला करने के बाद हुआ था।सामंथा रूथ प्रभु को लंबे वक्त के बाद वेब सीरीज ‘सिटाडेल: हनी बनी’ में देखा जाएगा। मायोसिटिस से पीड़ित होने के बाद उन्होंने अभिनय से ब्रेक ले लिया था। ‘सिटाडेल: हनी बनी’ का निर्देशन ‘द फैमिली मैन’ बनाने वाले राज और डीके ने किया है। इसकी स्ट्रीमिंग सात नवंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर होगी। इसमें सामंथा और वरूण धवन की जोड़ी देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *