
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर हलचल तेज है। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि नीतीश की बीजेपी एवं एनडीए से नजदीकियां बढ़ रही हैं। हालांकि, सीएम ने खुद इन अटकलों को खारिज करते हुए फालतू बताया है।
जब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से नीतीश कुमार की विश्वसनीयता के बारे में सवाल किया गया तो वे तमतमा गए। वे बीजेपी पर बरस गए और इसे एक एजेंडा बता दिया।
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोमवार शाम को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। इनपर उनका क्या कहना है। इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया का एक विशेष वर्ग है और बीजेपी को लोग हैं, वे नीतीश कुमार की छवि को धूमिल कर रहे हैं। सीएम खुद सभी बातों को स्पष्ट कर चुके हैं तो यह सवाल ही पैदा नहीं होता है।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि पिछले साल 9 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनी थी। तब हम लोगों ने संकल्प लिया कि बिहार में तो एक हुए ही हैं और देशभर में एकजुट होंगे। इस काम में सफलता भी मिली है। हम लोगों की इच्छा ये ही है कि जो लोग (बीजेपी) अभी सत्ता में हैं, दंगा-फसाद कराते हैं, उनको सत्ता से बाहर करना है।
इससे पहले सोमवार सुबह नीतीश कुमार से जब पूछा गया कि क्या उनकी बीजेपी से नजदीकियां बढ़ रही हैं, तो उन्होंने इसे फालतू बात बताया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जयंती समारोह में शिरकत करने के बाद सीएम ने कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं। विपक्ष एकजुट हो गया है और अच्छा काम हो रहा है।