उन्नाव के सांसद सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने शुक्रवार को गठबंधन पर निशाना साधा। अपने अंदाज में बोले कि मैं इसे घमंडिया गठबंधन कहता हूं। यह सब चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर कहा कि अखिलेश उनका इलाज कराएं।नहीं तो स्वामी प्रसाद सपा को साफ कर देंगे। साक्षी महाराज शुक्रवार को अखिल भारतीय लोधी लोध महासभा के मीडिया प्रभारी अरविंद राजपूत की बेटी नंदिनी की शादी में आशीर्वाद देने के लिए राजपूत कृषि फार्म हाउस चुरसई में पहुंचे थे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता का हाल-चाल लिया। मीडिया से रूबरू साक्षी ने अपने पुराने अंदाज में विरोधियों पर हमला बोला।
कहा कि जिन लोगों ने इंडिया गठबंधन बनाया है, जिसे मैं घमंडिया गठबंधन कहता हूं यह चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। यह वे सब लोग इकट्टठे हैं जिनका जेल इंतजार कर रही है। इनके पास न तो कोई नेता है, न कोई नीति है न कोई इनके पास एजेंडा है। अगर कोई एजेंडा है तो वह है मोदी हटाओ। अखिलेश के स्वामी प्रसाद कभी रामायण के पन्ने फाड़ते हैं तो कभी कहते हैं हिंदू था ही नहीं। स्वामी प्रसाद के मस्तिष्क में दिक्कत है इसलिए अखिलेश को उनका इलाज कराना चाहिए।
नहीं तो सपा को सफा करने के लिए स्वामी प्रसाद काफी हैं। यह भी कहा कि यह इंडिया गठबंधन हिंदू के विरोध में खड़ा हुआ है जिसका सिर्फ एक मकसद है मोदी हटाओ को लेकर। जिस दिन इंडिया गठवंधन वाले नेता का चयन कर लेंगे उसी दिन पूरा का पूरा गठबंधन तार-तार हो जाएगा। 2024 के चुनाव तक न जाने कितने गठबंधन बनेंगे देखते जाइए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने सिर्फ सबका विकास, सबका साथ एजेंडे पर काम कर रही है। देखिए मथुरा में बहुत जोर-शोर से काम चल रहा है। जल्द ही मथुरा का कायाकल्प हो जाएगा।