सट्टेबाजी एप केस पर भड़के पुलिस कमिश्नर, बोले- सुरेश रैना और शिखर धवन जैसे लोग हजारों जानों के जिम्मेदार

नई दिल्ली। अवैध सट्टेबाजी एप केस में ईडी (ED) की कार्रवाई के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। ईडी ने पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। अब हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने दोनों खिलाड़ियों पर तीखा हमला बोला है और उनकी ‘सेलिब्रिटी जिम्मेदारी’ पर सवाल खड़े किए हैं।

पुलिस कमिश्नर का कड़ा बयान: “हजारों लोगों की जान गई…”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर वीसी सज्जनार ने लिखा —

“ये लोग कैसे सेलिब्रिटी हैं? सट्टेबाजी की लत के कारण अनगिनत लोग अपने ही हाथों से अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। हजारों लोगों ने आत्महत्या कर ली है। क्या यही क्रिकेटर इस सबकी वजह नहीं हैं, जिन्होंने बेटिंग एप को प्रमोट किया, जो समाज में अराजकता फैलाने का काम कर रही हैं?”

उन्होंने आगे लिखा —

“समाज के अच्छे के लिए कुछ अच्छे शब्द कहिए, जिससे आज का युवा सफलता की नई ऊंचाइयों को छू पाए। उन लोगों को दिशा से भटकाने का काम मत कीजिए, जो आपको अपना आदर्श मानते हैं।”

ईडी ने की बड़ी कार्रवाई

ईडी की रिपोर्ट के अनुसार, सुरेश रैना के करीब 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश और शिखर धवन की लगभग 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को जब्त किया गया है। ये कार्रवाई 1xBet ऑनलाइन बेटिंग एप और उसके सहयोगी ब्रांड्स के खिलाफ दर्ज कई एफआईआर के आधार पर की गई।

जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों क्रिकेटरों ने सट्टेबाजी एप के सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों को जानते हुए भी उन्हें प्रमोट किया।

अन्य खिलाड़ियों से भी पूछताछ

ईडी ने इस मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा से भी पूछताछ की थी। एजेंसी का मानना है कि इन प्रचार अभियानों ने युवाओं में ऑनलाइन बेटिंग को बढ़ावा दिया और इससे कई लोगों की आर्थिक और मानसिक स्थिति बिगड़ी।

अब देखना होगा कि इस मामले में आगे ईडी क्या कदम उठाती है और क्या रैना व धवन अपनी सफाई में कोई बयान जारी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *