सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की डिप्टी CM, PM मोदी बोले- दादा का विजन साकार करेंगी

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार (31 जनवरी 2026) का दिन बेहद भावुक और ऐतिहासिक रहा. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसके साथ ही उन्होंने राज्य की ‘पहली महिला उपमुख्यमंत्री’ बनकर इतिहास रच दिया है. शपथ ग्रहण के दौरान माहौल गमगीन लेकिन जोश से भरा था. जैसे ही सुनेत्रा पवार ने शपथ ली, पूरा हॉल ‘अजित पवार अमर रहे’ और ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा.

PM मोदी ने बंधाया ढांढस, बोले- ‘दादा का विजन साकार करेंगी’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नई शुरुआत पर सुनेत्रा पवार को बधाई दी और उन पर भरोसा जताया. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सुनेत्रा पवार जी इस पद की जिम्मेदारी संभालने वाली पहली महिला हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि वह राज्य की जनता के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के विजन को साकार करेंगी.”

शपथ के बाद शिंदे ने जोड़ लिए हाथ

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक पल तब आया जब शपथ लेने के बाद सुनेत्रा पवार मंच पर मौजूद नेताओं की ओर मुड़ीं. राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तुरंत हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया. राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

विमान हादसे के तीसरे दिन संभाली कमान

गौरतलब है कि बुधवार (28 जनवरी 2026) को बारामती में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था. इस घटना से पूरा राज्य स्तब्ध था. शोक की लहर के बीच शनिवार को एनसीपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया. इसके तुरंत बाद ही उनके शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूरी की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *