
जी20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने भारत की राजधानी दिल्ली पहुंचे ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक ने हिंदू धर्म से अपने जुड़ाव पर खुल कर बात की। हिंदू धर्म से अपने जुड़ाव पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, “मैं एक गौरवान्वित हिंदू हूं और इसी तरह मेरा पालन-पोषण हुआ है, मैं ऐसा ही हूं।”
मंदिर जाना चाहते हैं ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक
उन्होंने आगे बोला कि “मुझे उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों तक मेरे यहां रहने के दौरान मैं किसी मंदिर के दर्शन कर सकूंगा। अभी रक्षा बंधन था जिसमें मेरी बहनों ने मुझे राखी बांधी, मेरे पास दूसरे दिन ठीक से जन्माष्टमी मनाने का समय नहीं था लेकिन उम्मीद है जैसा कि मैंने कहा कि हम अगर किसी मंदिर जाएं तो मैं इसकी भरपाई कर सकूंगा। मेरा मानना है कि आस्था एक ऐसी चीज है जो हर उस व्यक्ति की मदद करती है जो अपने जीवन में आस्था रखता है।”
‘G20 भारत के लिए एक बड़ी सफलता रही है’
यूके के प्रथानमंत्री ऋषि सुनक ने समाचार एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में कहा, “G20 भारत के लिए एक बड़ी सफलता रही है। भारत इसकी मेजबानी के लिए सही समय पर सही देश है। मुझे लगता है कि हमारे पास कुछ दिनों तक विचार-विमर्श और निर्णय लेने का बहुत अच्छा मौका होगा।”
ऋषि सुनक ने खालिस्तान के मुद्दे पर क्या कहा?
खालिस्तान मुद्दे पर, यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, “यह वास्तव में एक महत्वपूर्ण प्रश्न है और मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यूके में किसी भी प्रकार का उग्रवाद या हिंसा स्वीकार्य नहीं है। इसीलिए हम विशेष रूप से ‘PKE’ खालिस्तान समर्थक उग्रवाद से निपटने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह सही है। हमारे सुरक्षा मंत्री हाल ही में भारत में अपने समकक्षों से बात कर रहे थे। हमारे पास खुफिया जानकारी और जानकारी साझा करने के लिए एक साथ कार्य करने वाले समूह हैं जिससे हम इस तरह के हिंसक उग्रवाद को जड़ से खत्म कर सकें। यह सही नहीं है और मैं इसे यूके में बर्दाश्त नहीं करूंगा।’
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री क्या बोले?
ऋषि सुनक ने आगे बोला कि “जब यूक्रेन और रूस की बात आती है – एक चीज जो मैं करूंगा वह उस भयानक प्रभाव को उजागर करना है जो रूस के अवैध आक्रमण से दुनिया भर के लाखों लोगों पर पड़ रहा है, खासकर खाद्य कीमतों पर। रूस हाल ही में अनाज सौदे से पीछे हट गया है। हम यूक्रेन से दुनिया भर के कई गरीब देशों में अनाज भेज रहे हैं और अब आपने देखा है कि खाद्य कीमतें बढ़ गई हैं। जिससे लाखों लोगों को परेशानी हो रही है। यह सही नहीं है। जो काम मैं करूंगा उनमें से एक है लोगों को रूस के अवैध युद्ध के प्रभाव के बारे में जागरूक करना।”