‘अपराधी जैसा बर्ताव…’ सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर पत्नी गीतांजलि का फूटा गुस्सा

लद्दाख में बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार (26 सितंबर 2025) को जलवायु कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस ने NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर भेज दिया। गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही लेह में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं।

पत्नी गीतांजलि अंगमो का गुस्सा

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने गिरफ्तारी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा –
“मेरे पति के साथ बिना किसी वजह के अपराधी जैसा व्यवहार किया जा रहा है। सरकार को इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए कि ऐसे व्यक्ति की छवि खराब करे, जिसने देश का गौरव बढ़ाया है।”

अंगमो ने कहा कि वांगचुक ने पिछले पांच वर्षों से शांतिपूर्वक आंदोलन किया और पर्यावरण व कृषि के क्षेत्र में रोलैक्स अवॉर्ड्स से लेकर UNDP जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ काम कर देश का नाम रोशन किया।

बीजेपी पर सीधा हमला

गीतांजलि अंगमो ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा –
“कृपया उन्हें बताइए कि वे खुद को हिंदू न कहें… हिंदू धर्म का आधार सत्य है। बीजेपी किसी भी रूप में हिंदूवादी नहीं है क्योंकि उसका आधार झूठ है।”

उन्होंने आगे कहा कि वह वेद, वेदांत और भगवद गीता पढ़ाती हैं और इस दृष्टिकोण से देखें तो यह वह भारत नहीं है जिसकी कल्पना श्री अरबिंदो ने की थी।

खुली बहस की चुनौती

अंगमो ने केंद्र सरकार को चुनौती दी कि उनके पति पर लगाए गए FCRA और सीबीआई जांच से जुड़े आरोपों पर वे लाइव, प्राइम-टाइम टीवी डिबेट में आमने-सामने बहस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *