राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग की जेल में बंद हुए अब एक महीना हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, सोनम ने जेल की दिनचर्या को पूरी तरह अपना लिया है। वह सुबह समय से उठती है और जेल के नियमों के अनुसार दिन बिताती है। हालांकि, वह अन्य महिला कैदियों या जेल प्रशासन से अपनी निजी जिंदगी के बारे में कोई बातचीत नहीं करती।
टीवी देखने की खास सुविधा, सिलाई भी सिखाई जाएगी
सोनम को जेल में कुछ विशेष सुविधाएं भी मिल रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी बैरक जेल अधीक्षक के ऑफिस के पास है और उसे टीवी देखने की अनुमति भी दी गई है। अभी तक उसे किसी विशेष कार्य में नहीं लगाया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जल्द ही उसे सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सोनम के साथ दो और महिला अंडरट्रायल कैदी भी बैरक में रहती हैं।
परिवार ने दिखाई बेरुखी, नहीं की कोई मुलाकात
जेल प्रशासन के अनुसार, एक महीने में सोनम रघुवंशी से उसके परिवार का कोई भी सदस्य मिलने नहीं आया है। फोन पर भी किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है। हालांकि, राजा रघुवंशी के परिवार का दावा है कि सोनम अपने घरवालों से चार बार फोन पर बात कर चुकी है। राजा के भाई विपिन ने कहा, “सोनम का भाई गोविंद केवल हमदर्दी का नाटक कर रहा है।”
नहीं है कोई पछतावा, जेल में सीसीटीवी से नजर
एनडीटीवी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनम के हावभाव में कहीं से कोई पछतावा नजर नहीं आता। वह न तो अपने परिवार के बारे में बात करती है और न ही अपराध को लेकर कोई पश्चाताप दिखाती है। शिलॉन्ग जेल में कुल 496 कैदी हैं, जिनमें सिर्फ 20 महिलाएं हैं। सोनम पर हत्या का केस चल रहा है और जेल में उस पर सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शादी के 11 दिन बाद हत्या, फिर हुआ चौंकाने वाला खुलासा
सोनम और राजा की शादी 11 मई को हुई थी। 20 मई को वे मेघालय हनीमून पर गए और तीन दिन बाद लापता हो गए। 2 जून को राजा का शव खाईं में मिला, जबकि 7 जून को सोनम गाजीपुर के एक ढाबे पर मिली थी। पुलिस ने उसके कथित प्रेमी राज समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।