भारत में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत कई देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। 20 से 22 नवंबर 2026 तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस बीच भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान भी मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार (13 नवंबर 2026) को भारत मंडपम में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान भी कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि करेगा। गौरतलब है कि भारत ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए पाकिस्तान को भी निमंत्रण भेजा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों के चलते पाकिस्तान की भागीदारी पर सबकी नजर बनी हुई है।
20 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे SCO फोरम का उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को चार प्रमुख विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में सभ्यतागत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा, साहित्य तथा पांडुलिपियों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्य और भागीदार देशों के बीच सांस्कृतिक विरासत तथा सभ्यतागत संबंधों को बढ़ावा देना है।
2001 में हुई थी शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की स्थापना वर्ष 2001 में चीन के शंघाई में आयोजित एक शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने मिलकर इस संगठन की नींव रखी थी।
भारत और पाकिस्तान वर्ष 2017 में SCO के स्थायी सदस्य बने, जबकि ईरान को 2023 में संगठन की सदस्यता मिली। SCO का प्रमुख उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास, मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करना है। इसके साथ ही क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए बहुपक्षीय सहयोग और संवाद को बढ़ावा देना भी संगठन के लक्ष्यों में शामिल है।
SCO को सांस्कृतिक विरासत का मंच बनाना चाहता है भारत
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत की कोशिश है कि SCO केवल भू-राजनीतिक और आर्थिक सहयोग तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यतागत विरासत और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बने।
भारत इस आयोजन के जरिए सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। इसी उद्देश्य से सभ्यता, कला, साहित्य, वास्तुकला और भाषा जैसे विषयों को कार्यक्रम के प्रमुख सत्रों में शामिल किया गया है।
25 देशों को भेजा गया न्योता, 15 ने दी भागीदारी की पुष्टि
केंद्रीय संस्कृति मंत्री के मुताबिक, इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुल 25 देशों को निमंत्रण भेजा गया था। इनमें से अब तक 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।
पुष्टि करने वाले देशों में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्की और श्रीलंका शामिल हैं। भारत को उम्मीद है कि बाकी आमंत्रित देश भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
SCO के सदस्य देशों के अलावा संगठन में पर्यवेक्षक देश और डायलॉग पार्टनर भी शामिल हैं। SCO की वेबसाइट के अनुसार, इसके 15 डायलॉग पार्टनर देशों में अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, मिस्र, कंबोडिया, कतर, कुवैत, लाओस, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, तुर्किए और श्रीलंका शामिल हैं।