दिल्ली की एक अदालत से आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में अदालत ने गुरुवार, 3 सितंबर को उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर ली। जैन को बेल मिलने के बाद AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, “आज सत्येंद्र जैन को बेल मिल गई. उनको गिरफ्तार क्यों किया गया. किसी को समझ नहीं आ रहा.”
Satyendra Jain की Bail पर Kejriwal ने PM मोदी को घेरा
सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी, इस से आपको क्या हासिल हुआ? चौबीस घंटे आप बस लोगों को जेल भेजने के बारे में सोचते रहते हो. देश चलाने में तो कोई इंटरेस्ट ही नहीं आपको और ना ही देश चलाना आता है. कहां आप देश के प्रधान मंत्री बन गए. आपको तो किसी गांव का थानेदार होना चाहिए था. आपकी हरकतें वैसी ही हैं.”
केजरीवाल ने आगे गिरफ्तारी और पुलिस हिरासत की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा, “किसी भी मामले में किसी को गिरफ्तार उनसे पूछताछ के लिए किया जाता है. इसके लिए पुलिस कस्टडी ली जाती है. पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद व्यक्ति न्यायिक हिरासत में जाता है.”
उन्होंने सत्येंद्र जैन के मामले को लेकर दावा किया, “सत्येंद्र जैन को इस मामले में पुलिस कस्टडी में नहीं भेजा गया. उनसे कोई पूछताछ नहीं की गई. सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उनके खिलाफ केस इतना कमजोर था कि मात्र दस दिन में उन्हें बेल मिल गई.”
युवक के वायरल Video को लेकर भी केजरीवाल का हमला
अरविंद केजरीवाल ने एक युवक के दावे वाले वीडियो को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। वीडियो को सीजेपी के पेज से शेयर किया गया था, जिसमें युवक कथित तौर पर एक व्यक्ति का सिर फोड़ने की बात कहता दिखाई दे रहा है और दावा करता है कि इसके बावजूद उसे जेल नहीं जाना पड़ा तथा उसे समर्थन मिला।
इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा, “एक तरफ आप सत्येंद्र जैन जैसे भले व्यक्ति को जेल भेजते हो, दूसरी तरफ ऐसे गुंडों को पाल कर रखते हो.”
सत्येंद्र जैन को मिली जमानत के बाद केजरीवाल की इस प्रतिक्रिया ने राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर दिया है। उन्होंने एक ओर जैन की गिरफ्तारी और मामले की प्रक्रिया पर सवाल उठाए, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था और कथित तौर पर अपराध करने वालों के साथ व्यवहार को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।