संगीत सोम और संजीव बालियान का झगड़ा थाने पहुंचा

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और भाजपा नेता संगीत सोम का विवाद बढ़ गया है। संगीत सोम को शिखंडी बताए जाने के बाद से शुरू हुए विवाद ने और तूल पकड़ लिया। दोनों का विवाद अब थाने तक पहुंच गया।दरअसल, संगीत सोम की प्रेसवार्ता में संजीव बालियान के खिलाफ पर्चे बंट दिए गए। इस कथित प्रेस रिलीज में कई गंभीर आरोप लगाए गए। हालांकि संगीत सोम का कहना है कि उन्होंने यह पर्चा नहीं बांटा। पूर्व विधायक के निजी सचिव ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, संजीव बालियान के मित्र संजीव सहरावत ने लगाए आरोप से नाराज होकर संगीत सोम को 10 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस दिया है।बताया जा रहा है कि सोमवार को संजीव बालियान ने संगीत सोम पर आरोप लगाया था। संगीत सोम ने इसका जवाब देने के लिए प्रेसवार्ता बुलाई। इस दौरान संगीत सोम के लेटर पैड से कथित प्रेस नोट बांटे गए। संगीत सोम का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि इस दौरान कौन यहां पर आकर यह प्रेस नोट बांट गया। इसके बाद मंत्री के मित्र संजीव ने संगीत सोम को मानहानि का नोटिस भेजा है।दोनों को बयानबाजी बंद करने का दिया निर्देशपूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच विवाद और बयानबाजी का पार्टी नेतृत्व ने संज्ञान लिया है। दोनों को बयानबाजी बंद करने को कहा गया है। पार्टी ने कहा है कि हार की समीक्षा की जाएगी और कार्रवाई होगी। लोकसभा चुनाव के बाद संजीव बालियान ने हार का ठीकरा संगीत सोम पर मढ़ दिया था। जवाब में संगीत सोम ने बालियान को अपने घर में हार का कारण बताने को कहा था। दोनों के बीच तल्खी का अब भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने संज्ञान लिया है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि अब कोई बयानबाजी नहीं होगी।पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि अब उन्हें कुछ नहीं कहना है, यह पार्टी का मामला है। उधर, संगीत सोम ने कहा कि पार्टी फोरम का मामला है। वे पार्टी फोरम में ही कोई बात कहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *