भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद संजय जायसवाल ने मंगलवार (9 दिसंबर 2025) को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह देश बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का हरगिज नहीं है और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद इन्हें निकाल बाहर किया जाएगा।
बिहार SIR पर 35 लाख लोगों को लेकर जताई आशंका
संजय जायसवाल ने SIR प्रक्रिया पर बात करते हुए कहा कि, बिहार में एसआईआर के दौरान 35 लाख लोग ऐसे मिले, जिन्होंने फॉर्म 6 भरा ही नहीं।
उन्होंने आशंका जताते हुए कहा, “हो सकता है वे बिहार से बाहर गए हों, या यह भी हो सकता है कि वे बांग्लादेशी रोहिंग्या हों जिन्होंने डर से इसे नहीं भरा और यही चीज हमारे बिहार के साथियों को काफी पीड़ा देती है।” उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें डर है कि अगर बिहार में इतने हैं तो बंगाल में कितने होंगे, और इसी वोट पॉलिटिक्स के लिए वे चिंतित हैं।
बीजेपी सांसद ने स्पष्ट किया कि, “यह देश हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध सभी का है, लेकिन बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का हरगिज नहीं हैं इसलिए, हम एसआईआर के बाद भी बांग्लादेशी और रोहिंग्या को बाहर निकालेंगे।”
विपक्ष पर साधा निशाना: ‘अपने अंदर नहीं झांकेंगे’
संजय जायसवाल ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पिछले तीन महीनों से वोट चोरी और एसआईआर की बात कर रहे हैं, जो कि केवल निर्वाचन आयोग का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्ष को इतनी बड़ी हार मिली, उसके बाद भी इस बात को वे समझने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “ये कभी सुधरने वाले नहीं हैं। ये सारा दोष ईवीएम और एसआईआर को देंगे लेकिन अपने अंदर नहीं झांकेंगे।”
संजय जायसवाल ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि, “अब वह अगर बिहार में पर्यटन करने जाएंगे तो कांग्रेस पार्टी के सारे विधायक एक बोलेरो गाड़ी में समा जाएंगे।” उन्होंने देश में एकसाथ चुनाव कराने की वकालत करते हुए कहा कि इससे हजारों करोड़ रुपये की बचत होगी।