इंडी गठबंधन के लोगों ने तोड़ा नीतीश का सपना, कांग्रेस को सिर्फ अपनी चिंता, बोले सम्राट चौधरी

इंडिया अलायंस की शनिवार को हुई ऑनलाइन बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे को गठबंधन का अध्यक्ष चुन लिया गया। वहीं नीतीश कुमार को गठबंधन के संयोजक का पद ऑफर हुआ जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। जिसके बाद से सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

जिस पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है। और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होने कहा कि इंडी गठबंधन ने नीतीश कुमार के सपने को तोड़ने का काम किया है। और कांग्रेस हमेशा से पैर खिंचती आई है।

मीडिया से बातचीत के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि हम लोगों से नीतीश कुमार को इसीलिए अलग किया गया था कि उन्हें देश का प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाएंगे। लेकिन इंडी गठबंधन के लोगों ने नीतीश कुमार के सपने को तोड़ने का काम किया है। सवा साल से नीतीश लगे हुए थे, कि किसी तरह वो पीएम कैंडिडेट घोषित हो जाएं। लेकिन इन लोगों ने घोषित नहीं किया। ये साफ तौर पर दर्शाता है कि कांग्रेस को सिर्फ अपने बढ़ाव की चिंता है। देश में गठबंधन से कांग्रेस को कोई लेना-देना नहीं है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले भी देश में कई सरकारें बनी, चाहे वो चौधरी चरण की सरकार हो, चंद्रशेखर की सरकार हो। यूनाइटेड फ्रंट की सरकार बनी हो। सभी सरकारों में कांग्रेस ने पैर खिंचने का ही काम किया है। और आज भी नीतीश कुमार हो, ममता दीदी हो, उद्धव ठाकरे हो। सबका पैर खिंचने का काम कांग्रेस ही कर रही है।

आपको बता दें दिल्ली में हुई इंडिया अलायंस की चौथी बैठक में प. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और दिल्ली के सीएम अरविंज केजरीवाल ने पीएम कैंडिडेट के नाम पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का प्रस्ताव रखा था। जिसके बाद से अगली ऑनलाइन बैठक में खरगे गठबंधन के अध्यक्ष बन गए। और अब पीएम कैंडिडेट के तौर पर भी उनके ही नाम की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *