संभल (UP): उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बनी अवैध ‘मदीना मस्जिद’ के अतिक्रमण को हटा दिया है। सबसे अहम बात यह है कि जमीन खाली होते ही डीएम और एसपी ने मौके पर ही वह जमीन 20 गरीब और बेसहारा परिवारों को आवंटित कर दी।
मामले की 5 बड़ी बातें:
- कहां हुई कार्रवाई: यह मामला ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के सलारपुर (हाजीपुर) गांव का है। यहां गाटा संख्या 641 की ‘नवीन पर्ती’ श्रेणी की 439 वर्ग मीटर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा था।
- गरीबों को मिला हक: प्रशासन ने बताया कि यह जमीन गरीबों के लिए थी, जिस पर अवैध निर्माण किया गया था। अतिक्रमण हटाने के बाद इसे समतल कर तुरंत 20 पात्र गरीबों को बांट दिया गया।
- 8 लाख का जुर्माना: एसपी के.के. बिश्नोई ने बताया कि अवैध कब्जा करने वाले पर 8 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
- भारी पुलिस फोर्स तैनात: कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध से निपटने के लिए 6 थानों की पुलिस और पीएसी (PAC) की दो प्लाटून तैनात की गई थीं।
- 2018 का था मामला: तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, 14 जून 2018 को लेखपाल ने रिपोर्ट दी थी कि हाजी शमीम ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कराया है। कानूनी प्रक्रिया और नोटिस के बाद यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन का बयान
एसपी के मुताबिक, प्रशासन से नोटिस मिलने के बाद सतर्क निवासियों ने खुद ही ढांचे हटाने में सहयोग किया। अब जिन गरीबों को जमीन मिली है, उन्हें जल्द ही औपचारिक रूप से कागजात सौंप दिए जाएंगे।