अब यूपी में नहीं लौटेगा गुंडाराज, आज़म खान की रिहाई पर बोले BJP सांसद रवि किशन, अखिलेश पर भी साधा निशाना

UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता आज़म खान सीतापुर जेल से ज़मानत पर बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच बीजेपी सांसद रवि किशन शुक्ला ने आज़म खान और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

‘जमानत पर आए हैं, रिहा नहीं हुए’

सांसद रवि किशन ने कहा, “जमानत हुई है, रिहाई नहीं हुई है।” उन्होंने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी हमला बोला जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार आने पर सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। इस पर रवि किशन ने कहा, “अब मुद्दा यह नहीं है कि किसकी सरकार आएगी, बात यह है कि केस तभी बनता है जब पुख्ता सबूत होते हैं। न्यायालय और उच्च न्यायालय में तथ्यों के आधार पर ही फैसले होते हैं।”

‘अब यूपी गुंडाराज नहीं देखेगा’

बीजेपी सांसद ने आगे कहा, “यूपी अब उस जंगलराज, गुंडाराज और बाहुबलियों के दौर को वापस नहीं देखना चाहता। व्यापारियों के अपहरण, हत्याएं और बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ का समय अब खत्म हो चुका है। यही कारण है कि प्रदेश में बार-बार बीजेपी की सरकार आ रही है और 2027 में भी लिखकर ले लीजिए, हम 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।”

अखिलेश यादव के GST ट्वीट पर जवाब

नए जीएसटी सुधारों को लेकर अखिलेश यादव के ट्वीट्स पर रवि किशन ने कहा, “अखिलेश बहुत बड़े नेता हैं, लेकिन मैं एक गरीब ब्राह्मण का बेटा हूं। हमने मिट्टी के घर से लड़ाई लड़ी है और पूरी दुनिया में नाम कमाया है। आप सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, गरीबी क्या होती है आप नहीं समझ सकते।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गरीबों के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। “शौचालय, 4 करोड़ से अधिक मकान, 80 करोड़ लोगों को अनाज, किसानों को 6 हजार रुपये और महिलाओं के लिए योजनाएं — यह सब यूपी को ‘बीमारू प्रदेश’ से ‘उत्तम प्रदेश’ बना रहे हैं।”

बीजेपी सरकार की उपलब्धियां और अखिलेश को चुनौती

रवि किशन ने गोरखपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि, “जहां कभी अपराध और लाशें बहती थीं, वहां आज पानी के जहाज चल रहे हैं। सीसीटीवी से शहर सुरक्षित है और फाइव स्टार होटल खड़े हैं। यह सब पीएम मोदी और सीएम योगी की वजह से संभव हुआ है।”

अंत में उन्होंने सपा के पीडीए फार्मूले को “फ्लॉप” बताया और कहा, “2027 में आप हार रहे हैं, यह बात अभी से मान लीजिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *