मोदी सरनेम मानहानि मामले में नया मोड़; पूर्णेश मोदी की सुप्रीम कोर्ट से गुहार

भाजपा नेता एवं गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी सोमवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। उन्होंने मोदी सरनेम मानहानि मामले में शीर्ष अदालत से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अपील को खारिज करने की मांग की।उन्होंने अपनी दलील में कहा कि राहुल ने मोदी सरनेम वाले सभी लोगों, खासकर गुजरात की ‘मोध वणिक’ जाति के लोगों को बदनाम किया है। पूर्णेश मोदी ने 2019 में गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दाखिल किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल ने 13 अप्रैल, 2019 को कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि सभी चोरों के सरनेम मोदी क्यों हैं?
राहुल गांधी की अपील पर अपने लिखित जवाब में पुर्णेश मोदी ने शीर्ष अदालत में कहा- यह एक स्थापित कानून है कि असाधारण कारणों से दुर्लभतम मामलों में सजा पर रोक लगा दी जाती है। याचिकाकर्ता (राहुल गांधी) का मामला स्पष्ट रूप से उस श्रेणी में नहीं आता है। वकील पीएस सुधीर के माध्यम से दायर अपने 21 पेज के जवाब में पुर्णेश मोदी ने कहा कि जिरह के दौरान राहुल गांधी न केवल अभियोजन पक्ष के मामले में कोई प्रभाव डालने में विफल रहे, वरन व्यावहारिक रूप से मोदी सरनेम वाले लोगों की मानहानि की बात स्वीकार की।
भाजपा नेता पूर्णेश मोदी ने कहा कि राहुल गांधी का रवैया उन्हें सजा पर रोक के रूप में किसी भी राहत से वंचित करता है। यह अहंकारी वृत्ति नाराज समुदाय के प्रति असंवेदनशीलता और कानून के प्रति अवमानना को भी दर्शाता है। राहुल गांधी की दोषसिद्धि ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश किए गए सबूतों पर आधारित है। राहुल की दोषसिद्धि पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं है। मालूम हो कि शीर्ष अदालत 4 अगस्त को गुजरात उच्च न्यायालय के 7 जुलाई के फैसले को चुनौती देने वाली राहुल गांधी की अपील पर सुनवाई करने वाली है। इसमें कोर्ट ने राहुल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *