QFX घोटाला: ED की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की संपत्ति अटैच

नई दिल्ली। क्यूएफएक्स (QFX) फॉरेक्स घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार (30 अगस्त 2025) को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने आरोपी नवाब उर्फ लैविश चौधरी और उसके सहयोगियों की लगभग 9.31 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर दीं। यह कार्रवाई पीएमएलए एक्ट के तहत मंगलवार (26 अगस्त) को की गई थी।

फ्लैट, प्लॉट और कृषि भूमि जब्त

ईडी के मुताबिक, जिन संपत्तियों को अटैच किया गया है, उनमें 45 फ्लैट, प्लॉट और कई एकड़ कृषि भूमि शामिल हैं। ये संपत्तियां उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में फैली हुई हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंकों में जमा नकदी भी सीज की गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह संपत्तियां आरोपी लैविश चौधरी, उसके पार्टनर राजेंद्र कुमार सूद और उनके एजेंटों व परिवारजनों के नाम पर खरीदी गई थीं।

Ponzi स्कीम से हजारों लोगों को लगाया चूना

जांच में सामने आया है कि साल 2019 से 2025 के बीच QFX/YFX/YORKERFX/BotBro Forex ग्रुप ने Ponzi-cum-MLM स्कीम चलाकर हजारों लोगों से निवेश कराया। कंपनी ने निवेशकों को 5-6% मासिक रिटर्न का लालच दिया, जबकि असल में कोई ट्रेडिंग नहीं की गई। लोगों का पैसा अलग-अलग बैंक खातों में घुमाकर रियल एस्टेट और पारिवारिक संपत्तियों में निवेश किया गया।

पहले भी सीज हो चुके हैं 394 करोड़

इससे पहले फरवरी और जुलाई 2025 में भी ईडी ने QFX ग्रुप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 194 बैंक खातों में जमा 394 करोड़ रुपये सीज किए थे। ताज़ा कार्रवाई उसी जांच का अगला चरण बताया जा रहा है।

देशभर में दर्ज हैं FIR

QFX Scam को लेकर देश के कई राज्यों जैसे हिमाचल, असम, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा में FIR दर्ज हैं। ईडी ने कहा है कि शुरुआती सबूत साफ दिखाते हैं कि निवेशकों से ठगी कर जुटाई गई रकम को अलग-अलग कंपनियों और निजी संपत्तियों में लगाया गया ताकि असली सोर्स को छिपाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *