2024 में भी पुतिन ही होंगे रूस के राष्ट्रपति? क्रेमलिन का दावा-कोई नहीं है टक्कर में

व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति बन सकते हैं। यहां पर अगले साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैं और क्रेमलिन का दावा है कि पुतिन का मुकाबला करने वाला कोई नहीं है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि हालांकि अभी राष्ट्रपति ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। लेकिन अगर वह मैदान में उतरते हैं तो कोई भी उनके सामने चुनौती देने वाला नहीं है। पेस्कोव ने यह भी दावा किया कि फिलहाल देश की जनता का समर्थन पूरी तरह से राष्ट्रपति पुतिन के साथ है।

20 दशक का शासन
व्लादिमीर पुतिन के अतीत की बात करें तो वह एक पूर्व केजीबी एजेंट रह चुके हैं। पिछले दो दशक से पुतिन कभी प्रधानमंत्री तो कभी राष्ट्रपति के रूप में रूस के राष्ट्राध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान रहे हैं। पिछले साल यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से पुतिन के लिए देश में हालात थोड़े कठिन जरूर रहे हैं। असल में यूक्रेन पर हमला पुतिन की योजनाओं के अनुरूप नहीं रहा। उन्हें लगा था कि वह आसानी से यूक्रेन को फतह कर लेंगे, लेकिन रूस को कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा उन्हें वैगनर ग्रुप के विद्रोह का भी सामना करना पड़ा है। बता दें कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों का रुख उसके प्रति काफी सख्त रहा है। पश्चिम देशों से रूस पर 2.1 ट्रिलियन डॉलर के आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं।

ओपिनियन पोल्स में भी बढ़त
रूस में हुए ओपिनियन पोल्स की बात करें तो इसमें पुतिन को रूस का सबसे मशहूर राजनेता बताया गया है। लेवाडा सेंटर के मुताबिक अगस्त में पुतिन की अप्रूवल रेटिंग 80 फीसदी थी जो कि यूक्रेन युद्ध के पहले से भी बेहतर थी। देश की करीब 70 फीसदी आबादी ने यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस का समर्थन किया था। हालांकि विपक्षी नेताओं और पश्चिमी राजनयिकों का कहना है कि इस तरह के पोल्स पर भरोसा नहीं किया जा सकता। इससे पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी पुतिन को आश्वस्त कर चुके हैं कि वह रूस के लोगों को उन्हें समर्थन देने को कन्विंस करेंगे। बता दें कि जिनपिंग ने इसी साल मार्च में रूस की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने रूसी राष्ट्रपति का यूक्रेन युद्ध समेत तमाम मसलों पर जबर्दस्त समर्थन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *