पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बड़ी जीत के बाद CM मान का हमला, बोले- BJP का ‘शहरी वोटर’ दावा भी हुआ फेल

पंजाब में नगर निकाय चुनावों के नतीजे आने के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है. सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्थानीय निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्षी दलों, खासकर बीजेपी पर तीखा निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि जनता ने AAP के कामकाज पर भरोसा जताया है और धर्म-जाती की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है.

CM मान बोले- 2027 में और बड़े बहुमत से बनेगी सरकार

निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इन परिणामों ने साफ कर दिया है कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी पहले से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए इससे बेहतर माहौल नहीं हो सकता.

भगवंत मान ने कहा, ”पंजाब के स्थानीय निकाय चुनाव में लोगों ने जहां आम आदमी पार्टी के काम पर मुहर लगाई है. वहीं, बीजेपी की नफरत और धर्म और जाति के नाम पर बांटने वाली राजनीति को नकार दिया है. पंजाब के लोगों ने सेक्युलरिज्म को चुना है.”

बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- पांचवें नंबर पर पहुंच गई पार्टी

मुख्यमंत्री ने चुनावी नतीजों को लेकर बीजेपी और अन्य विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि अब तक यह तय नहीं हो पा रहा कि पंजाब में AAP के मुकाबले में मुख्य विपक्ष कौन है.

उन्होंने कहा, ”अभी तक तो यही पता नहीं चल रहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी के मुकाबले में कौन है. इन चुनावों में शहरी और बड़े कस्बे के लोगों ने वोट डाली थी. बीजेपी कहती थी कि शहरी वोटर उनके साथ हैं लेकिन बीजेपी पांचवें नंबर पर है. हमारी सीटें कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी तीनों को मिला ले तब भी ज्यादा है. 90 प्रतिशत से ज्यादा नगर पंचायत और नगर परिषद में आम आदमी पार्टी जीत गई है.”

ED रेड और नेताओं को तोड़ने का भी लगाया आरोप

भगवंत मान ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर दबाव की राजनीति करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेताओं पर एजेंसियों के जरिए कार्रवाई की जा रही है और व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है.

सीएम मान ने कहा, ”हमारे नेताओं पर ED की रेड हो रही है. कस्बों में व्यापारियों को तंग किया जा रहा है. हमारे राज्यसभा सांसदों को बीजेपी में शामिल करा लिया. माझा, मालवा और दोआबा तीनों क्षेत्रों में पार्टी जीती है.”

26 मई को हुई थी वोटिंग

पंजाब में 26 मई को 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के कुल 1977 वार्डों में मतदान कराया गया था. शुक्रवार को आए नतीजों में आम आदमी पार्टी ने कई क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *