GST 2.0 लागू होने पर पीएम मोदी का देश के नाम पत्र, कहा- “अब हर परिवार की होगी बचत”

PM Modi Letter on GST 2.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (22 सितंबर 2025) को देशभर में लागू हुए GST 2.0 को लेकर जनता के नाम पत्र लिखा. उन्होंने इसे ‘GST बचत उत्सव’ करार दिया और कहा कि इन सुधारों से किसान, महिला, युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, व्यापारी और छोटे उद्योग सभी को सीधा लाभ मिलेगा.

नवरात्रि की शुभकामनाओं के साथ शुरू किया पत्र

पीएम मोदी ने अपने पत्र की शुरुआत नवरात्रि की बधाई देते हुए की. उन्होंने कहा कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए. साथ ही कहा कि इस बार त्योहारों में देश को एक बड़ा उपहार मिला है – GST 2.0.

क्या हैं GST 2.0 की खास बातें?

  • अब केवल दो मुख्य स्लैब रहेंगे.
  • जरूरी सामान जैसे खाना, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट आदि या तो टैक्स-फ्री होंगे या 5% की सबसे कम स्लैब में आएंगे.
  • हेल्थ इंश्योरेंस पर जीएसटी खत्म कर दिया गया है.
  • घर बनाने, गाड़ी खरीदने और यात्रा करने जैसी चीजें अब पहले से सस्ती होंगी.

पीएम मोदी ने कहा, “कई दुकानदार ‘पहले और अब’ के बोर्ड लगाकर लोगों को बता रहे हैं कि कितना सामान सस्ता हुआ है.”

ग्राहकों और व्यापारियों को राहत

मोदी ने कहा कि 2017 में GST आने से देश को अनेक टैक्स और टोल के जंजाल से मुक्ति मिली थी. अब GST 2.0 से सिस्टम और सरल होगा और लघु उद्योगों को अधिक सहूलियत मिलेगी.

सालाना 2.5 लाख करोड़ की बचत

पीएम ने बताया कि 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स छूट और GST सुधारों से मिलाकर देशवासियों की सालाना करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी.

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

मोदी ने कहा कि देश ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेज करना जरूरी है. उन्होंने कहा, “चाहे ब्रांड कोई भी हो, कंपनी कोई भी हो, अगर उसमें भारतीय श्रमिक और कारीगर की मेहनत लगी है, तो वो स्वदेशी है.”

उन्होंने लोगों और व्यापारियों से अपील की कि स्वदेशी सामान खरीदें और बेचें, जिससे रोजगार बढ़ेगा और परिवारों की रोज़ी-रोटी सुरक्षित होगी.

पीएम मोदी का संदेश

“आइए गर्व से कहें – ये स्वदेशी है. आपके घर की बचत बढ़े, आपके सपने पूरे हों और त्योहारों की रौनक बढ़े. आपको नवरात्रि और GST बचत उत्सव की ढेरों शुभकामनाएं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *