Har Ghar Tiranga Campaign पर PM मोदी की बड़ी अपील, बोले- ‘आइए हम सभी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें’

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर देशवासियों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने कहा कि तिरंगा देश के गर्व और गौरव का प्रतीक है और यह हर नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में उत्साह के साथ शामिल होने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए यह अपील की। उन्होंने देशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

PM Modi ने देशवासियों से क्या अपील की?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा, “हमारा तिरंगा हमारे गर्व और गौरव का प्रतीक है और यह हमें हमेशा देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देता है. आइए, हम सभी पूरे उत्साह के साथ हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा लें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराएं.”

पीएम मोदी ने इस साल के अभियान को विशेष बताते हुए कहा, “यह बहुत ही खुशी की बात है कि इस साल की यह कोशिश वंदे मातरम् को समर्पित है और वो भी ऐसे वक्त पर जब हम वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं.”

इस तरह इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ से भी जोड़ा गया है। अभियान के जरिए देशभर में राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति की भावना को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

संस्कृति मंत्रालय ने भी लोगों से की एकजुट होने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने X पोस्ट में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से साझा किए गए पोस्ट को भी री-शेयर किया। संस्कृति मंत्रालय ने देशभर के लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया है।

मंत्रालय ने कहा, “पिछले 150 सालों से वंदे मातरम् का आह्वान देश की आत्मा को झकझोरता और देशवासियों के मन में देशभक्ति की भावना जगाता रहा है.”

मंत्रालय ने आगे कहा, “इस स्वतंत्रता दिवस पर आइए हम सभी मिलकर उस भावना को हर गली और हर घर तक उसी तरह से पहुंचाएं, जैसे पूरा भारत हर घर तिरंगा अभियान के लिए तिरंगा यात्राओं, तिरंगा रैलियों, तिरंगा कॉन्सर्ट और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के माध्यम से एकजुट हो.”

‘सूर्यपथ तिरंगा’ के जरिए दुनिया में बसे भारतीय भी जुड़ेंगे

संस्कृति मंत्रालय ने इस साल होने वाले एक विशेष आयोजन का भी जिक्र किया। मंत्रालय ने कहा, “आइए हम सभी इस साल एक नए इतिहास को भी बनते देंखे, जब दुनियाभर में बसे भारतीय सूर्यपथ तिरंगा जैसे पहली बार होने वाले एक अनोखे आयोजन के जरिए तिरंगे के सम्मान में एकजुट होंगे.”

मंत्रालय ने लोगों से इस पहल का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने घर पर तिरंगा फहराएं और अपनी सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड करें।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इस बार तिरंगा यात्राओं, रैलियों, कॉन्सर्ट और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन जैसे कार्यक्रमों के जरिए देशभर के लोगों को जोड़ने की तैयारी है। प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद स्वतंत्रता दिवस से पहले इस अभियान को लेकर गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *