CEC जवाब दें या कुर्सी छोड़ें, पवन खेड़ा का बड़ा हमला; PM मोदी पर भी साधा निशाना

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार (17 अगस्त, 2025) को चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। खेड़ा ने कहा कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा के एक लाख मतदाताओं से जुड़े सवाल पर आयोग ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की मांग को लेकर भी आयोग की चुप्पी पर सवाल उठाए।

“महादेवपुरा के 1 लाख वोटरों पर जवाब क्यों नहीं दिया?”

सासाराम दौरे पर पहुंचे पवन खेड़ा ने कहा, “CEC ज्ञानेश कुमार ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा के उन एक लाख वोटरों के बारे में कोई जवाब दिया, जिनका हमने खुलासा किया है? बिल्कुल नहीं दिया।”

खेड़ा ने आगे सवाल उठाया, “जब आपको सीसीटीवी फुटेज किसी से शेयर ही नहीं करनी है, तो फिर फुटेज बनाई क्यों जाती है? इस पर भी कोई जवाब नहीं है।”

प्रधानमंत्री मोदी पर हमला

पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री लफ्फाजी करने के लिए बैठे हैं। संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति चुनिंदा सवालों के सीधे जवाब नहीं दे पा रहा और लफ्फाजी करने पर उतर आया है। इससे साफ है कि कितना कुछ छिपाना और ढकना पड़ रहा है।”

“CEC भाजपा नेता की तरह बोल रहे थे”

कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने आज एक कमाल की प्रेस वार्ता की। आंख बंद करके सुनो तो ऐसा लग रहा था कि भाजपा का एक नेता बोल रहा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि अनुराग ठाकुर को छह लोकसभा क्षेत्रों की डिजिटल वोटर लिस्ट कैसे मिल गई, जबकि विपक्ष को नहीं दी जा रही। “CEC कहते हैं कि डिजिटल वोटर लिस्ट देने से निजता भंग होगी, तो अनुराग ठाकुर को कैसे दी गई? 45 दिन बाद सीसीटीवी फुटेज देने से निजता भंग होती है, तो उससे पहले क्यों नहीं होती?”

“आप मुख्य चुनाव आयुक्त हो, जवाब दो”

पवन खेड़ा ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा, “आप मुख्य चुनाव आयुक्त हो, अपनी जिम्मेदारी समझो और जवाब दो। बीएलए से जवाब मांगने के लिए हमें मत कहो। महादेवपुरा के मतदाताओं पर सवाल का जवाब कौन देगा?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *