तीन टुकड़ों में बंट जाएगा पाकिस्‍तान, बूंद-बूंद पानी को तरसेगा; जम्‍मू-कश्‍मीर की रैली में बोले सीएम योगी

यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने जम्‍मू-कश्‍मीर में एक चुनावी रैली को सम्‍बोधित करते हुए कहा कि पाकिस्‍तान ने आतंकवाद को समर्थन जारी रखा तो तीन टुकड़ों में बंट जाएगा।

उसका कोई नामोनिशान नहीं बचेगा। उन्‍होंने कहा कि भारत सरकार 1960 के सिंधु बंटवारे की समीक्षा करते हुए कह दिया है कि वॉटर एंड टेरिरिज्म डोंट फ्लो टूगेदर यानी आतंकवाद और सिंध नदी का जल प्रवाह साथ-साथ नहीं चल सकता। अभी तक पाकिस्तान के हाथों में कटोरा आया है, अब वह एक-एक बूंद पानी के लिए तरसने वाला है। योगी आदित्यनाथ ने आतंकवादियों को चेतावनी देते हुए कहा कि न तो उन्हें कफन नसीब होगा और न ही दफन होने के लिए दो गज जमीन नसीब होगी।

शुक्रवार को सीएम योगी ने भाजपा के कई उम्‍मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्‍होंने कहा कि पाकिस्‍तान अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है। उसके कब्‍जे वाला कश्‍मीर (पीओके) पहले ही भारत में विलय करने के लिए तैयार है। वहां के लोग पाकिस्‍तान से आजादी चाहते हैं। वे विकास, राशन, शांति और आयुष्‍मान स्‍वास्‍थ्‍य कार्ड चाहते हैं। यह सब सिर्फ भारत में संभव है। उन्‍होंने कहा कि आज पाकिस्‍तान की हालत ऐसी है कि वो भीख का कटोरा लेकर घूम रहा है। बलूचिस्‍तान भी कह रहा है कि वो पाकिस्‍तान के साथ नहीं रहना चाहता। उनके साथ विदेशियों जैसा व्‍यवहार किया जाता है। उन्‍होंने कहा कि यदि कोई पाकिस्‍तान के समर्थन से भारत में आतंकवाद के बीज बोने की कोशिश करता है तो उसके पास न तो ढकने के लिए कफन होगा और न दफनाने के लिए दो गज जमीन। सीएम योगी ने कहा कि कि डबल इंजन सरकार की ताकत का उदाहरण यूपी में देखा जा सकता है, जहां 500 वर्ष बाद अयोध्या धाम में रामलला विराजमान हो गए। योगी ने कहा कि साढ़े सात वर्ष में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ। यूपी की तरह ही जम्मू-कश्मीर भी विकास का हकदार है।

योगी ने उत्‍तर प्रदेश को बना दिया उत्‍तम प्रदेश: जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री व उधमपुर के सांसद जितेंद्र सिंह ने जनसभाओं में कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश नहीं, उत्तम प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को न सिर्फ उत्तम प्रदेश बना दिया, बल्कि वहां के कानून-व्यवस्था को सुधार दिया। योगी लाखों, करोड़ों हिंदुस्तानियों के आदर्श बन चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *