इस बार जंग हुई तो बड़ी फतेह मिलेगी… PAK रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का भड़काऊ बयान, भारत पर फिर जहर उगला

India-Pakistan Tension: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए युद्ध की धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान जंग के लिए पूरी तरह तैयार है, और अगर इस बार युद्ध हुआ तो पाकिस्तान को “पहले से भी बड़ी जीत” मिलेगी।

भारत को दी युद्ध की धमकी

पाकिस्तान न्यूज चैनल समा टीवी से बातचीत में ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर भड़काऊ बयान दिया। उन्होंने कहा,

“अगर आप तारीख में जाएं तो हिन्दुस्तान सिर्फ एक बार रियासत की हैसियत से एक इकाई रहा है और वह 18वीं सदी यानी औरंगजेब के वक्त में रहा है। वह कभी भी एक मुल्क नहीं रहा। एक वक्त ऐसा आया कि 540 रियासतें थीं। हमने तो मुल्क बनाया है, अल्लाह के नाम पर बनाया है।”

इसके साथ ही आसिफ ने दावा किया कि भारत के उत्तर से दक्षिण तक झगड़े चल रहे हैं और अब हालात दोबारा जंग की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा,

“मेरा खयाल है कि फिर से जंग के हालात बन रहे हैं और इस बार जंग हुई तो अल्लाह हमें पहले से ज्यादा बड़ी फतेह देगा।”

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

यह पहली बार नहीं है जब ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। इससे पहले भी वे भारतीय वायुसेना पर टिप्पणी कर चुके हैं और कई बार भारत विरोधी बयान देकर चर्चा में रहे हैं।

भारत ने पहले भी सिखाया है सबक

पाकिस्तान लगातार भारत के खिलाफ साजिश रचने की कोशिश करता रहा है, लेकिन भारत ने हर बार उसे कड़ा जवाब दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंक ठिकानों पर करारा प्रहार किया था। इस कार्रवाई में भारत ने 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया और नौ से ज्यादा आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया था।

तनाव के बीच फिर भड़काऊ राजनीति

पाकिस्तान की आंतरिक राजनीतिक अस्थिरता के बीच ख्वाजा आसिफ के इस बयान को विशेषज्ञ आंतरिक असंतोष भटकाने की कोशिश मान रहे हैं। भारत की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन यह बयान दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *