NTA Income Report: 5 साल में दोगुनी से ज्यादा हुई कमाई, परीक्षाओं से 1100 करोड़ रुपये से अधिक की आय का खुलासा

देशभर में मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक बार फिर चर्चा में है। जहां एक ओर एजेंसी नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर विवादों का सामना कर रही है, वहीं दूसरी ओर संसद में पेश किए गए आंकड़ों ने उसकी आय में हुई तेज बढ़ोतरी की तस्वीर सामने रखी है।

केंद्र सरकार द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2019-20 में एनटीए की कुल आय 504.16 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2023-24 तक बढ़कर 1116.84 करोड़ रुपये पहुंच गई। इसी अवधि में एजेंसी का कुल खर्च भी 440.20 करोड़ रुपये से बढ़कर 1040.96 करोड़ रुपये हो गया। यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। उन्होंने बताया कि ये आंकड़े एनटीए के आय-व्यय खाते पर आधारित हैं, जिन्हें एजेंसी की गवर्निंग बॉडी द्वारा अनुमोदित किया गया है।

2022 के बाद आय में आई बड़ी छलांग

संसद में साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2019-20 से 2021-22 तक एनटीए की आय लगभग 500 करोड़ रुपये के आसपास स्थिर रही। हालांकि वित्त वर्ष 2022-23 में एजेंसी की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 900.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके बाद 2023-24 में यह बढ़कर 1116.84 करोड़ रुपये हो गई। इसी तरह एजेंसी के खर्च में भी लगातार वृद्धि देखने को मिली।

वित्त वर्षवार आय और खर्च

वित्त वर्षआय (करोड़ रुपये)खर्च (करोड़ रुपये)
2019-20504.16440.20
2020-21515.16436.25
2021-22508.47426.52
2022-23900.56681.52
2023-241116.841040.96

2018 से अब तक 270 से अधिक परीक्षाएं आयोजित

केंद्र सरकार ने संसद को यह भी बताया कि वर्ष 2018 में स्थापना के बाद से अब तक एनटीए 270 से अधिक परीक्षाओं का आयोजन कर चुकी है। इन परीक्षाओं के लिए कुल 6.6 करोड़ से ज्यादा अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं वर्ष 2026 में ही एजेंसी 12 परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है, जिनमें 65 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया।

इतने कर्मचारियों के साथ संचालित होती है NTA

सरकार के अनुसार, एनटीए में वर्तमान में 39 स्थायी पद हैं और सभी पद डेपुटेशन के माध्यम से भरे गए हैं। इसके अलावा एजेंसी 73 संविदा कर्मचारियों और 124 आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं भी लेती है, जो देशभर में परीक्षाओं के संचालन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करते हैं।

यह आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर एनटीए सवालों के घेरे में है। इस मुद्दे पर देशभर में छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए गए हैं और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा सुधार की मांग लगातार उठाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *