बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार जीत के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार (19 नवंबर) को बैठकों के दौर के बाद, नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से NDA के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इससे पहले, मुख्यमंत्री आवास में JDU विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसमें उन्हें JDU के विधायक दल का नेता चुना गया।
बिहार विधानसभा भवन में एनडीए के सभी घटक दलों के विधायकों की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगी। अब नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। नीतीश कुमार गुरुवार (20 नवंबर 2025) को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
बिहार में एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार (20 नवंबर) को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर व्यापक रूप से तैयारियां की जा रही हैं।
इस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है और एनडीए के कई बड़े नेता भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे।
मंगलवार शाम को सीएम नीतीश कुमार ने गांधी मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा भी लिया था।
विधानसभा चुनाव में NDA की सीटें
विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित हुए थे, जिसमें एनडीए ने कुल 202 सीटों पर जीत हासिल की।
| घटक दल | जीती गई सीटें | टिप्पणी |
| बीजेपी | 89 | राज्य में सबसे बड़ी पार्टी |
| जेडीयू | 85 | दूसरी सबसे बड़ी पार्टी |
| लोजपा (रामविलास) | 19 | एनडीए में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी |
| हम (HAM) | 5 | |
| आरएलएम (RLM) | 4 |
दूसरी तरफ, विपक्षी महागठबंधन को महज 35 सीटों पर ही जीत मिली।