‘हिंदू धर्म को कमजोर मत समझिए’, लखनऊ से नितिन नवीन का विपक्ष पर बड़ा हमला, राहुल-अखिलेश को घेरा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और सनातन पर टिप्पणी करने वालों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी तथा देवी-देवताओं के अपमान पर चुप्पी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल पर साधा निशाना

रविवार (5 जुलाई) को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने विपक्षी नेताओं पर हिंदू आस्था के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके सांझे में आ जाएंगे, क्योंकि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं. सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. हमने विरासत को संजोया है, इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं.’

अयोध्या और काशी का किया उल्लेख

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आस्था के नाम पर राजनीति करते हैं, वे वास्तविक धार्मिक भावना को नहीं समझ सकते। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में धार्मिक स्थलों के विकास का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, ‘आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते, क्योंकि आज भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वानाथ मंदिर तक विरासत की नई तस्वीर बनी है. वो लोग क्या बात करेंगे जिन्होंने रामसेवकों पर गोलियां चलवाने का काम किया, ऐसे लोग कभी आस्था की बात करने लायक नहीं हैं.’

‘डबल इंजन सरकार ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर’

नितिन नवीन ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले राज्य में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद का माहौल था, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त किया है।

उन्होंने कहा, ‘आज मैं 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की चर्चा भी जरूर करना चाहूंगा, जिस उत्तर प्रदेश ने केवल भ्रष्टाचार देखा हो, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति देखी हो, आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने उस भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और माफियाराज को पूरी तरह समाप्त कर दिया है. यहां की विकास की नई तस्वीर को पूरी दुनिया देख रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाने का काम किया है. आज यहां की महिलाएं निडर होकर कभी भी घर से निकल सकती हैं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *