
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी सीधा वार किया। उन्होंने राहुल के लोकसभा में दिए गए भाषण को लेकर कहा कि कल यहां दिल से बात करने की बात कही गई थी, उनके दिमाग के हाल को देश लंबे समय से जानता है।पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं। इनकी दुकान लूट की दुकान है, भ्रष्टाचार की दुकान है, तुष्टिकरण की राजनीति की दुकान है। कल यहां (लोकसभा में) दिल से बात करने की बात भी कही गई थी।राहुल गांधी के लोकसभा में दिए गए मणिपुर में ‘भारत माता की हत्या’ वाले बयान पर भी पीएम मोदी ने निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि इस सदन में मां भारती के बारे में जो कहा गया, उससे हर भारतीय को ठेस पहुंची है। मैं समझ नहीं पा रहा कि सत्ता सुख के बिना लोगों का ऐसा हाल हो जाता है। पता नहीं क्यों कुछ लोगों को भारत मां की मृत्यु की कामना है। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा? ये वे लोग हैं जो कभी लोकतंत्र की हत्या की बात करते हैं, संविधान की हत्या की बात करते हैं। दरअसल, जो इनके मन में है, वो इनके मुंह में आ जाता है।राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर बुधवार को लोकसभा में केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया था और आरोप लगाया था कि पूर्वोत्तर के इस राज्य को इस स्थिति में पहुंचाने वाले लोग देशप्रेमी नहीं हैं। गांधी ने लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर उन पर निशाना साधा था और दावा किया था कि प्रधानमंत्री इस राज्य को हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं समझते। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर उनके संबोधन के कुछ अंश को हटा दिया गया।पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी गमले में मूली नहीं उगाई वो ट्रकों को देखकर हैरान ही होंगे। जो कभी जमीन पर नहीं उतरे, जिन्होंने हमेशा गाड़ी का शीशा डाउन करके दूसरों की गरीबी देखी है। उन्हें सब हैरान करने वाला लग रहा है। ऐसे लोग जब भारत की स्थिति का वर्णन करते हैं तो भूल जाते हैं कि भारत पर उनके परिवार ने 50 सालों तक राज किया। वे भूल जाते हैं कि उनके पूर्वजों इतने सालों तक क्या कुछ किया।
‘कांग्रेस सहित विपक्ष को गरीब की भूख की चिंता नहीं’
प्रधानमंत्री मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्ष के लिए देश से बड़ा दल है, इन्हें गरीब की भूख की चिंता नहीं बल्कि सत्ता की भूख ही दिमाग पर सवार है। उन्होंने कहा कि इस अविश्वास प्रस्ताव से तय हो गया है कि जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और राजग को पहले के सारे रिकॉर्ड तोड़कर बहुमत देगी। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”देश की जनता ने हमारी सरकार के प्रति बार-बार जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं आज आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा कि भगवान बहुत दयालु हैं और भगवान की मर्जी होती है तो वो किसी न किसी के माध्यम से अपनी इच्छा की पूर्ति करते हैं। उन्होंने कहा कि एक तरह से विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव सत्ता पक्ष लिए शुभ होता है।