नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाइए, 6 महीने में भारत का होगा PoK

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को महाराष्ट्र के चुनावी दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पालघर में रैली को संबोधित करते हुए PoK को लेकर बड़ा दावा कर दिया। सीएम योगी ने कहा, ‘जो हम लोगों को मारेगा, हम उसकी पूजा थोड़े करेंगे।अगर कोई हमारे लोगों को मारेगा तो हम भी वही करेंगे जिसका वह हकदार है। यही हो भी रहा है।’ उन्होंने कहा कि अब तो पाकिस्तान को पाक अधिकृत कश्मीर को बचाना भी मुश्किल हो रहा है। आप तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने दीजिए। चुनाव के अगले 6 महीने के बाद देखिएगा कि पीओके भारत का हिस्सा होगा। इसके लिए हिम्मत की जरूरत पड़ती है। दम हो तभी यह काम हो सकता है।योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘हम कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगियों की तरह नहीं हैं। ये लोग तो कहते थे कि आतंकवाद पाकिस्तान से हो रहा है तो हम क्या कर सकते हैं। आज पाकिस्तान अगर अपनी टेढ़ी नजरों से देखता भी है तो उसकी नजरों को बाहर निकाल लिया जाता है। हम कहते हैं कि चुप रहो और यह नहीं चलेगा।’ उन्होंने कहा कि यह नया भारत है जो बिना डरे, बिना रुके और बिना थके विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रहा है। इसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद कर रहे हैं। इस तरह का नया भारत आप सबके सामने है।औरंगजेब के जजिया कर की तरह विरासत कर: सीएम योगी मुख्यमंत्री योगी ने विरासत कर लगाने संबंधी कांग्रेस के कथित प्रस्ताव को लेकर भी उसकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह औरंगजेब की आत्मा विपक्षी पार्टी के अंदर प्रवेश कर गई है। आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि विरासत कर औरंगजेब की ओर से लगाए गए जजिया कर की तरह है। नासिक जिले के मालेगांव शहर में रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा महज सत्ता के लिए नहीं बल्कि विकसित भारत का निर्माण करने के लिए चुनाव लड़ रही है। आदित्यनाथ ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *