मोहसिन रजा को योगी सरकार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के बने अध्यक्ष; 9 नियुक्तियों पर लगी मुहर

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य अल्पसंख्यक आयोग में मंगलवार, 8 सितंबर को बड़ा फेरबदल करते हुए कुल 9 नियुक्तियों को मंजूरी दी है। पूर्व मंत्री मोहसिन रजा को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी नियुक्तियों का कार्यकाल तीन साल का होगा।

मोहसिन रजा के अलावा संदीप जैन, अंशुमान कुमार सिंह मैसी, सरदार हनप्रीत सिंह बेदी, मोहम्मद असलम, सरदार परविंदर सिंह, नेहा खान, सैय्यद सेराज अब्बास रिजवी और रूमाना सिद्दीकी को आयोग में सदस्य नियुक्त किया गया है।

जिम्मेदारी मिलने पर मोहसिन रजा ने सीएम योगी को दिया धन्यवाद

अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद मोहसिन रजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।

मोहसिन रजा ने कहा कि जिस तरह उन्होंने पहले मिली जिम्मेदारियों को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाया है, उसी तरह अब अल्पसंख्यक आयोग की जिम्मेदारी का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।

‘विपक्ष ने गुमराह किया, उसे कम करने का प्रयास करेंगे’

मोहसिन रजा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के बीच जो गुमराही फैलाने का काम किया गया है, उसे कम करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोग के जरिए अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा और सरकार तथा प्रशासन के स्तर पर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

‘बिना भेदभाव के आगे बढ़ रही योगी सरकार’

नवनियुक्त अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ रही है।

मोहसिन रजा के मुताबिक, इसी सोच और संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए अल्पसंख्यक आयोग काम करेगा और समुदाय से जुड़ी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान की कोशिश की जाएगी।

रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं मोहसिन रजा

राजनीति में आने से पहले मोहसिन रजा क्रिकेट से भी जुड़े रहे हैं। वह रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री और विधान परिषद के सदस्य की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

अपने राजनीतिक बयानों के चलते मोहसिन रजा कई बार सुर्खियों में भी रहे हैं।

2013 में BJP में हुए थे शामिल

मोहसिन रजा ने वर्ष 2013 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2017 में प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने पर उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली।

अगस्त 2019 में मोहसिन रजा को अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मामलों का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया था। अब योगी सरकार ने उन्हें उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाकर एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *