फिर PM बने नरेंद्र मोदी तो देश में नहीं होगा अगला चुनाव, घोषित होगी तानाशाही: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाना साधा है। खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे तो यह आम चुनाव देश का आखिरी चुनाव होगा।खरगे ने दावा किया कि यदि पीएम मोदी इस साल आम चुनाव के बाद फिर से अपनी सरकार बना लेते हैं तो वह तानाशाही पर उतर आएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि देश के लोग 2024 में आखिरी बार चुनाव में हिस्सा लेंगे।

2024 में आखिरी चुनाव होगा: खरगे
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, खरगे के कहा, “अगर लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सत्ता में आए तो तानाशाही होगी, भारत एक लोकतंत्र नहीं रह जाएगा और यहां अब कोई चुनाव नहीं होगा।” कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, “वे (पीएम मोदी) हर किसी को ईडी का नोटिस दे रहे हैं। वे लोगों को डरा रहे हैं… डर के कारण कुछ लोग दोस्ती छोड़ रहे हैं, कुछ पार्टी छोड़ रहे हैं और कुछ गठबंधन छोड़ रहे हैं… यह आपके लिए मतदान करने का आखिरी मौका है। इसके बाद कोई मतदान नहीं होगा।”

खरगे ने भाजपा और आरएसएस को बताया जहर
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा और उसके वैचारिक संरक्षक आरएसएस के खिलाफ बोलते हुए उन्हें जहर बताया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी देश को एकजुट करना चाहते हैं उन्होंने मोहब्बत की दुकान खोली है। लेकिन बीजेपी और आरएसएस ने नफरत की दुकान खोल दी है। इसी वजह से आपको अलर्ट रहने की जरूरत है।” खरगे ने कहा, “भाजपा और आरएसएस जहर हैं, वे हमें हमारे अधिकारों से वंचित कर रहे हैं।”

ओडिशा दौरे पर खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोमवार को यहां ‘ओडिशा बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित किया। ओडिशा के पहले दौरे पर आ रहे कांग्रेस अध्यक्ष की रैली में गांव, ब्लॉक और बूथ स्तर के लोग शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद खरगे की यह पहली ओडिशा यात्रा है। अपनी ओडिशा यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के ओडिशा चरण की भी समीक्षा करेंगे। ऐसा अनुमान है कि राहुल गांधी की यात्रा 14 फरवरी ओडिशा में प्रवेश कर जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *