पीएम मोदी को मिल चुका है बहुमत, आगे 400 पार की लड़ाई; चार चरण के मतदान के बाद अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बनगांव में मंगलवार को चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब तक हुए मतदान में ही भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हो चुका है।शाह ने कहा, ‘4 चरण के मतदान पूरे हो गए हैं। 380 सीटों का चुनाव पूरा हो गया है। बंगाल में 18 सीटों का चुनाव पूरा हो गया है। आज में बता कर जाता हूं कि 380 में से पीएम मोदी 270 सीट लेकर पूर्ण बहुमत प्राप्त कर चुके हैं। आगे की लड़ाई 400 पार करने की है।’ उन्होंने रैली में आए लोगों से सवाल करते हुए कहा, ‘बंगाल के लोगों बताओ कि 400 पार कराओगे क्या। जोर से बोलो कराओगे क्या। बंगाल में 30 से ज्यादा सीटें जीताओगे क्या।’बंगाल के मतदाताओं से 42 में से 30 से अधिक सीटें भाजपा के लिए सुनिश्चित करने की अपील करते हुए अमित शाह ने कहा, ‘ममता दीदी आप तब खुश थीं जब आपने EVM वोटिंग के जरिए सत्ता हासिल की। मुख्यमंत्री के रूप में अपने तीन कार्यकाल पूरे किए, लेकिन अब आप आसन्न हार की आशंका के कारण उन्हीं इलेक्ट्रॉनिक मशीनों को दोष दे रही हैं।’ पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में अगली सरकार भाजपा की बनने का दावा करते हुए उन्होंने कहा, ‘ममता दीदी अब ईवीएम के बारे में शिकायत कर रही हैं। मैं कहूंगा, जब आप मुख्यमंत्री बनीं, तब भी ईवीएम वही थीं। आज जब आपके जाने की बारी है, तो आप ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं।’

शाह ने कहा- ममता दीदी झूठ बोल रही हैं कि…
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर आज जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता दीदी झूठ बोल रही हैं कि CAA के तहत नागरिकता के लिए जो भी अर्जी करेगा, उसे तकलीफ आएगी। शाह ने कहा, ‘मतुआ समाज के लोगों को मैं आश्वस्त करने आया हूं कि किसी को कोई तकलीफ नहीं आएगी। नागरिकता भी मिलेगी और देश में सम्मान के साथ जी भी पाओगे। दुनिया की कोई ताकत मेरे शरणार्थी भाइयों को भारत का नागरिक बनने से रोक नहीं सकती, ये नरेंद्र मोदी जी का वादा है।’

लक्ष्मी भंडार योजना में 100 रुपये और बढ़ाएंगे, बोले शाह
गृह मंत्री ने कहा, ‘ममता दीदी कहती हैं कि भाजपा वाले आएंगे, तो लक्ष्मी भंडार योजना बंद कर देंगे। मैं आपको बताकर जाता हूं कि भाजपा कोई भी योजना बंद करने वाली नहीं है। हम लक्ष्मी भंडार योजना में 100 रुपये और बढ़ाएंगे।’ उन्होंने कहा कि चिटफंड घोटाले वाले, शिक्षक भर्ती घोटाले वाले, नगरपालिका भर्ती घोटाले वाले, राशन घोटाले वाले, गाय और कोयला तस्करी करने वाले व पैसे लेकर सवाल करने वालों को जेल जाने की तैयारी कर लेनी चाहिए। शाह ने साफ तौर पर कहा कि किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।

‘गाय चोर, कोयला चोर, नौकरी चोर सब के सब जेल जाएंगे’
भाजपा नेता ने कहा कि ममता दीदी और राहुल बाबा को 22 जनवरी को राम लला के अभिषेक में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया था। लेकिन, दोनों को अपने वोट बैंक का डर था और वे इस समारोह में शामिल नहीं हुए। जो कि 70 साल के संघर्ष के बाद आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ने बंगाल के सभी गरीबों को घर, शौचालय, 5 किलो चावल और 5 लाख रुपये का चिकित्सा बीमा प्रदान किया है। ममता बनर्जी का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस गरीबों को चावल दे रही है। असल में यह चावल नरेंद्र मोदी भेज रहे हैं।’ शाह ने कहा कि ममता दीदी पूछ रही हैं, उन्हें जेल क्यों भेजा जा रहा है? मैं कहना चाहूंगा कि यह तो बस शुरुआत है। गाय चोर, कोयला चोर, नौकरी चोर और सवाल पूछने के बदले पैसे लेने वालों को जेल जाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *