तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने लोगों से एक खास अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें अब भी मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करते हैं, लेकिन ऐसा करना बंद कर दें। इसके साथ ही स्टालिन ने भरोसा जताया कि डीएमके जल्द ही दोबारा सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने ये बातें डीएमके नेता केएन नेहरू के परिवार में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कहीं।
केएन नेहरू के पारिवारिक शादी समारोह में शामिल हुए स्टालिन
डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन केएन नेहरू के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए नवविवाहित जोड़े और परिवार को शुभकामनाएं दीं। स्टालिन ने कहा, ‘नेहरू परिवार की इस शादी में शामिल होकर मुझे खुशी हो रही है. यह शादी तिरुचिरापल्ली जिले के एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता और उर्जावान पदाधिकारी को एक साथ लाती है. इनमें इस ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण जिले को डीएमके के एक मजबूत गढ़ में बदलने की क्षमता है.’
स्टालिन बोले- यह शादी हमारे परिवार जैसी है
शादी समारोह में स्टालिन ने केएन नेहरू के परिवार के साथ अपने करीबी संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘के एन नेहरू के परिवार की शादी है. गर्व के साथ कहूं तो यह शादी बिल्कुल हमारे अपने परिवार की शादी जैसी है. कुछ लोगों ने नेहरू से कहा था कि भले ही डीएमके सत्ता में नहीं है, फिर भी वे एक मंत्री हैं.’
‘मुझे मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करना बंद कर दें’
एम.के. स्टालिन ने बताया कि कुछ लोग उन्हें मुख्यमंत्री पद पर नहीं होने के बावजूद मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करते हैं। उन्होंने मौजूदा सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए और डीएमके की सत्ता में वापसी का दावा किया। स्टालिन ने कहा, ‘इसी तरह कुछ लोगों ने मुझसे कहा कि चाहे मैं मुख्यमंत्री के पद पर रहूं या न रहूं, मैं हमेशा मुख्यमंत्री रहूंगा. मौजूदा सरकार का कामकाज बहुत खराब है. इसलिए लोगों से अनुरोध करता हूं कि मुझे मुख्यमंत्री कहकर संबोधित करना बंद कर दें. हमारी सरकार जल्द ही सत्ता में लौटेगी.’