लोकसभा चुनाव से पहले NDA का बढ़ा कुनबा, अमित शाह से मुलाकात के बाद JDS की एंट्री पर मुहर

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा को एक नया साथी मिल गया है। कर्नाटक की तीसरे नंबर की पार्टी जनता दल सेक्युलर अब एनडीए का हिस्सा होगी। शुक्रवार को होम मिनिस्टर अमित शाह से जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी ने मुलाकात की थी।

इसके बाद यह फैसला लिया गया है। कुमारस्वामी और होम मिनिस्टर अमित शाह की मुलाकात के दौरान बीजेपी चीफ जेपी नड्डा और गोवा के सीएम प्रमोद सावंत भी मौजूद थे। भाजपा और जेडीएस के बीच लंबे समय से गठबंधन को लेकर बात चल रही थी। माना जा रहा है कि कर्नाटक में इससे भाजपा को बड़ी बढ़त मिल सकती है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुमारस्वामी और अमित शाह संग तस्वीरें शेयर करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘कर्नाटक के पूर्व सीएम और जेडीएस के मुखिया कुमारस्वामी से बात की। इस दौरान होम मिनिस्टर अमित शाह भी मौजूद थे। मुझे खुशी है कि जेडीएस ने एनडीए गठबंधन में शामिल होने का फैसला लिया। हम उनका एनडीए में हार्दिक स्वागत करते हैं।’ बता दें कि हाल ही में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां अलग लड़ी थीं और बुरा हाल हुआ था। वहीं सत्ता बड़ी जीत के साथ कांग्रेस को मिली थी।

गौरतलब है कि पिछले दिनों ही यह खबर आई थी कि अमित शाह के साथ जेडीएस लीडरशिप की गठबंधन को लेकर बात हुई है। इसमें फैसला हुआ था कि भाजपा की ओर से 4 लोकसभा सीटें 2024 के चुनाव में जेडीएस को दी जाएंगी। दक्षिण भारत में कर्नाटक भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ रहा है। 28 सीटों वाले इस राज्य में जेडीएस को साथ लाने से उसे फायदा हो सकता है। इसके अलावा सामाजिक समीकरणों को साधने में भी उसे मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *