लोकसभा चुनाव से ठीक पहले AAP में लगी सेंध, BJP ने दिया ट्रिपल झटका

लोकसभा चुनाव के ऐलान के दो दिन बाद गुजरात में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। 2022 में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके आम आदमी पार्टी के तीन नेता सोमवार को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने इन तीन नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ताओं को भी पार्टी की सदस्यता दिलाई।गुजरात के गांधीनगर में भाजपा के मुख्यालय श्री कमलम में आयोजित कार्यक्रम में सीआर पाटिल ने आप के शहर अध्यक्ष जयंतीभाई जेठालाल मेवाड़ा का भाजपा में स्वागत किया। उनके साथ सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। मेवाड़ा असारवा विधानसभा सीट से 2022 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे। उन्हें 12.37 फीसदी यानी 15465 वोट हासिल हुए थे। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी दर्शना एम. वाघेला ने जीत दर्ज की थी।गुजरात में आम आदमी पार्टी के महासचिव और गांधीनगर उत्तर सीट से 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे मुकेशभाई पटेल भी भाजपा में शामिल गए। पटेल 16620 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे थे। यहां भी भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। मेवाड़ा और पटेल की तरह आम आदमी पार्टी के नेता दिनेश भाई कपाड़िया ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। कपाड़िया दानिलिमाडा सीट से चुनाव लड़े थे। उन्हें विधानसभा चुनाव में 23 हजार से ज्यादा वोट मिले थे और तीसरे स्थान पर रहे थे।आम आदमी पार्टी को यह झटका ऐसे समय पर लगा है जब पार्टी गुजरात में लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। 15 मार्च को ही खुद आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल गुजरात के दौरे पर आए थे। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उन्य सीटों पर वह कांग्रेस का समर्थन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *