धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में यूपी नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। श्रीराम की नगरी अयोध्या और शिव की नगरी काशी देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बनकर उभरे हैं। एक साल में ही दोनों शहरों में 14 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों का आगमन हुआ है।वर्ष 2023 में अयोध्या में 5.76 करोड़ और काशी में 8.55 करोड़ लोगों ने भ्रमण किया। यह संख्या वर्ष 2022 में अयोध्या में पहुंचे पर्यटकों से 3.36 करोड़ और काशी पहुंचे पर्यटकों की संख्या से 1.42 करोड़ अधिक है। पिछले 10 दिनों में अयोध्या में 25 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। धार्मिक पर्यटन बढ़ने से अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य जिलों के आर्थिक परिदृश्य में तेजी से बदलाव आ रहा है।यह जानकारी शुक्रवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि घरेलू पर्यटन के मामले में उत्तर प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। वर्ष 2022 में प्रदेश में 31 करोड़ 85 लाख 62 हजार 573 पर्यटक आए थे। यह संख्या वर्ष 2021 से लगभग 180 प्रतिशत ज्यादा है।वर्ष 2022 में अयोध्या में 2 करोड़ 39 लाख 10 हजार 479 पर्यटक आए थे। इसमें 2 करोड़ 39 लाख 09 हजार 14 घरेलू और 1,465 विदेशी थे। अयोध्या में वर्ष 2023 में 5 करोड़ 75 लाख 70 हजार 896 लोगों ने भ्रमण किया। इसमें 5 करोड़ 75 लाख 62 हजार 428 घरेलू और 8,468 विदेशी पर्यटक थे।पर्यटन मंत्री ने बताया कि भगवान शिव की नगरी काशी में वर्ष 2022 में कुल 7 करोड़ 12 लाख 31 हजार 51 पर्यटक पहुंचे थे। इसमें 7 करोड़ 11 लाख 47 हजार 310 घरेलू और 83 हजार 741 विदेश से आने वाले सैलानी थे। यहां वर्ष 2023 में 8 करोड़ 54 लाख 73 हजार 633 पर्यटक पहुंचे, जिसमें 8 करोड़ 52 लाख 71 हजार 729 घरेलू और 2 लाख 1 हजार 904 विदेशी पर्यटक थे।
विदेशी पर्यटक भी बढ़े
घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ विदेश से आने में पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। काशी में वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में 1.18 लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक बढ़े हैं। इसी तरह अयोध्या में वर्ष 2022 में 1,465 जबकि 2023 में 8,468 विदेशी पर्यटक आए थे। इस हिसाब से सात हजार विदेशी पर्यटक बढ़ गए।
जयवीर सिंह ने बताया कि 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों का रेला उमड़ रहा है। प्रतिदिन लाखों लोग दर्शन-पूजन और भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। हवाई, रेल और रोड के माध्यम से शानदार कनेक्टिविटी दी जा रही है। पर्यटकों के ठहरने लिए टेंट सिटी, होटल सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।