कर्नाटक की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कुछ समय से सियासी हलचल तेज है। पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर का एक अहम बयान सामने आया है, जिसने इस चर्चा को और हवा दे दी है।
खरगे को लेकर गृह मंत्री का बड़ा बयान
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा, “अगर वे (खरगे) मुख्यमंत्री बनते हैं तो हमें बड़ी खुशी होगी, हम सभी इसका स्वागत करेंगे. क्योंकि वह एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता हैं.” उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे को एक अनुभवी और पार्टी का मजबूत नेता बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
साथ ही परमेश्वर ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य की जनता से किए गए अच्छे शासन के वादों को पूरा करना है, न कि केवल पद को लेकर चल रही चर्चाएं।
4 मई के बाद बढ़ सकती है सियासी हलचल
गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब 4 मई के बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल की चर्चाएं तेज होने की संभावना है। दरअसल, इसी दिन चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजों के साथ कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। ऐसे में राजनीतिक समीकरण बदलने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
क्या खुद सीएम बनना चाहते हैं खरगे?
जब परमेश्वर से यह पूछा गया कि क्या मल्लिकार्जुन खरगे खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा, “अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं तो हमें बड़ी खुशी होगी, हम सभी इसका स्वागत करेंगे. क्योंकि वह एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता हैं, जिनके पास राजनीति का लंबा अनुभव है.”
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों की उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही लेगा, जो राज्य की पूरी स्थिति से भली-भांति परिचित है।
परमेश्वर ने यह भी कहा कि पार्टी खुद को सौभाग्यशाली मानती है कि मल्लिकार्जुन खरगे जैसे अनुभवी नेता उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो कर्नाटक के मूल निवासी हैं और राज्य की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं।