स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को लेकर ईरान ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों के लिए नई चेतावनी जारी की है। चेतावनी के बाद होर्मुज पार करने की तैयारी में लगे कई जहाजों ने अपना रास्ता बदल लिया या वापस लौट गए। इस बीच समुद्री यातायात के ताजा आंकड़े भी सामने आए हैं।
IRGC की चेतावनी, ईरान की अनुमति के बिना नहीं होगी आवाजाही
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) नौसेना ने कहा है कि फिलहाल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही केवल ईरान की अनुमति और उसके द्वारा निर्धारित समन्वित समुद्री मार्गों से ही की जा सकती है।
यह चेतावनी रेडियो ट्रांसमीटर के माध्यम से फारस की खाड़ी में मौजूद जहाजों तक पहुंचाई गई। इसके बाद होर्मुज पार करने का इंतजार कर रहे कई जहाजों ने अपना मार्ग बदल लिया और कुछ वापस लौट गए।
ट्रंप का दावा- बिना किसी शर्त के खुला है होर्मुज
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह बिना किसी शर्त के खुला हुआ है। उनके अनुसार, ईरान इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से कोई अतिरिक्त टोल या प्रतिबंध नहीं लगा रहा है और जहाजों को सामान्य रूप से गुजरने की अनुमति दी जा रही है।
ओमान के अस्थायी समुद्री कॉरिडोर को IRGC ने किया खारिज
ईरान की चेतावनी ऐसे समय सामने आई है जब ओमान ने एक नेविगेशन नोटिस जारी करते हुए मौजूदा ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम के उत्तर और दक्षिण में दो अस्थायी समुद्री कॉरिडोर बनाए थे।
हालांकि, ईरानी नौसेना ने इन वैकल्पिक कॉरिडोरों को खारिज करते हुए इन्हें खतरनाक बताया है। IRGC ने स्पष्ट किया कि सभी जहाज केवल ईरान द्वारा निर्धारित समुद्री मार्गों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
24 जून को होर्मुज से गुजरे 70 जहाज
समुद्री खुफिया कंपनी केप्लर के आंकड़ों के मुताबिक, 24 जून को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में 105 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान कुल 70 जहाज इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरे, जिनमें 53 व्यावसायिक (कमर्शियल) जहाज शामिल थे।
रिपोर्ट के अनुसार, बारूदी सुरंगों को हटाने के अभियान में तेजी और ओमान के पास बनाए गए वैकल्पिक समुद्री मार्ग के इस्तेमाल से जहाजों की आवाजाही में यह बढ़ोतरी देखने को मिली।
अमेरिका-ईरान समझौते के समर्थन में आया ओमान
ओमान ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) का समर्थन करते हुए स्पष्ट किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा।
यह जानकारी ओमान के विदेश मंत्री सैयद बदर बिन हमद अल बुसैदी ने बहरीन में आयोजित खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) और अमेरिका की संयुक्त मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान दी। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी पुष्टि की।
सुरक्षित नौवहन और क्षेत्रीय शांति पर ओमान का जोर
ओमान का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता क्षेत्रीय शांति, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौवहन की स्वतंत्रता और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विदेश मंत्री ने कहा कि होर्मुज से सटा देश होने के नाते ओमान की विशेष जिम्मेदारी है कि वह अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा प्रयासों का समर्थन करे। उन्होंने यह भी कहा कि ओमान अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून सम्मेलन (UNCLOS) के तहत अपनी सभी जिम्मेदारियों का पालन कर रहा है।