
इजरायल ने ईरान में घुसकर हमास चीफ इस्माइल हानियेह को मौत के घाट उतार दिया है। इससे ईरान बौखलाया हुआ है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने बुधवार को इस्माइल हानियेह की मौत का बदला इजरायल से लेने का ऐलान किया है।
खामेनेई ने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान में तड़के हुए हवाई हमले में इस्माइल हानियेह के मारे जाने के बाद इजरायल ने ‘अपने लिए कठोर सजा खुद तैयार कर ली है।’ उन्होंने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान में कहा, ‘‘उसका बदला लेना हमारा कर्तव्य है। हानियेह हमारी सरजमीं पर हमारे प्रिय मेहमान थे।’’
बता दें कि इस्माइल हानियेह नए राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को ईरान की राजधानी तेहरान गया था और वहीं रुका हुआ था, तभी इजरायल ने स्ट्राइक कर उसकी हत्या कर दी। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में ईरान ने कहा कि इजरायल को इस हमले की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। अब तेहरान से 120 किलोमीटर दूर शहर क़ोम की जामकरन मस्जिद के मुख्य गुंबद पर लाल झंडा फहराया गया है। माना जा रहा है कि लाल झंडा फहरा कर ईरान ने इजरायल के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर दिया है। यह लाल झंडा बदला लेने का प्रतीक है।
ईरान ने इससे पहले 3 जनवरी 2020 को और 5 जनवरी 2024 को इसी मस्जिद पर लाल झंडा फहराया था। 2020 में जब इस गुंबद पर लाल झंडा फहराया गया था तो पूरी दुनिया सहम गई थी। ये वो वक्त था जब ईरान का टॉप कमांडर जनरल सुलेमानी के मारे जाने के बाद ईरान ने अमेरिका से बदला लेने का ऐलान कर दिया था। इस साल 5 जनवरी को भी करमान में बम हमले के बाद इसी तरह का झंडा लगाया गया था।