भारत में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया में बड़ी सुर्खियां बटोरी हैं। खास तौर पर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत को विदेशी मीडिया ने ऐतिहासिक करार देते हुए ममता बनर्जी के 15 साल पुराने शासन के अंत के रूप में पेश किया है। लंदन, न्यूयॉर्क, इस्लामाबाद और ढाका तक इन नतीजों की व्यापक चर्चा देखने को मिली।
तमिलनाडु में विजय की एंट्री भी बनी बड़ी खबर
विदेशी मीडिया ने तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता जोसेफ विजय की एंट्री को भी प्रमुखता से कवर किया। उन्होंने दो साल पहले अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) बनाई थी और अब सत्तारूढ़ डीएमके को सत्ता से बाहर कर दिया, जिसे चुनाव का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।
BBC ने बताया ‘सबसे बड़ी उपलब्धि’
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान BBC ने अपनी रिपोर्ट में बंगाल में बीजेपी की जीत को सबसे प्रमुख बताया। “Modi’s BJP conquers Bengal, one of India’s toughest political frontiers” शीर्षक के साथ प्रकाशित रिपोर्ट में इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में गिना गया। रिपोर्ट में कहा गया कि यह सिर्फ सरकार बदलने की बात नहीं, बल्कि पूर्वी भारत में बीजेपी के विस्तार का बड़ा संकेत है।
The Guardian का विश्लेषण
ब्रिटेन के ही प्रमुख अखबार The Guardian ने “Narendra Modi’s BJP wins election in West Bengal for the first time” शीर्षक के साथ इस खबर को प्रकाशित किया। रिपोर्ट में कहा गया कि यह जीत भारतीय राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत देती है और विपक्ष के लिए बड़ा झटका है।
New York Times ने बताया ‘ऐतिहासिक’
अमेरिका के New York Times ने अपनी रिपोर्ट में बीजेपी की जीत को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया। “Modi’s Hindu Nationalists Conquer a Bastion of India’s Opposition” शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया कि बीजेपी ने पहली बार इतने बड़े राज्य में जीत हासिल कर नया इतिहास रचा है। साथ ही तमिलनाडु में विजय की सफलता को चुनाव का सबसे बड़ा सरप्राइज बताया गया।
Washington Post का आकलन
Washington Post ने अपने विश्लेषण में कहा कि बंगाल में जीत से प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक स्थिति और मजबूत होगी। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सहयोगियों के सहारे सरकार बनाने के बावजूद यह जीत उनकी ताकत को और बढ़ाएगी। इसके अलावा केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष द्वारा वामपंथी सरकार को हराने को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी चर्चा
पाकिस्तान के अखबार डॉन ने एएफपी की रिपोर्ट के हवाले से लिखा कि मोदी की पार्टी ने पश्चिम बंगाल जैसे मजबूत विपक्षी गढ़ में जीत दर्ज की है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह जीत 2029 के आम चुनाव से पहले उनकी स्थिति को और मजबूत कर सकती है।
वहीं, बांग्लादेश के ढाका ट्रिब्यून ने भी इसी रिपोर्ट को प्रकाशित करते हुए तमिलनाडु में डीएमके की हार और विजय की पार्टी की जीत को बड़ा झटका बताया। रिपोर्ट में कहा गया कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी सीट हार गए और उनकी पार्टी दूसरे स्थान पर रही।