इंडिगो को लेकर सरकार का बड़ा फैसला: 10% फ्लाइट्स में कटौती का आदेश, CEO ने मंत्री राम मोहन नायडू के सामने जोड़े हाथ

भारत में इंडिगो संकट को लेकर मंगलवार (9 दिसंबर 2025) को नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) में हाई-लेवल बैठक हुई। इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और सचिव समीर सिन्हा ने इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स को तलब किया। बैठक के दौरान इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स मंत्री राम मोहन नायडू के सामने हाथ जोड़े हुए नजर आए।

इंडिगो को 10% रूट में कटौती का आदेश

मंत्रालय ने इंडिगो को अपने ऑपरेशन को स्थिर करने और रद्द होने वाली फ्लाइटों की संख्या में कमी लाने के लिए बड़ा आदेश दिया है।

  • 10% रूट कटौती: मंत्रालय ने इंडिगो को 10% रूट में कटौती का आदेश दिया है। हालांकि, इंडिगो पहले की तरह अपने सभी डेस्टिनेशन को कवर करेगा, लेकिन उड़ानों की संख्या सीमित रहेगी।
  • सख्त हिदायत: इंडिगो को किराया नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा से जुड़े नियमों जैसे सभी निर्देशों का बिना किसी अपवाद के पालन करने का आदेश दिया गया है।

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में इंडिगो की आंतरिक गड़बड़ियों पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई, जिनमें क्रू रोस्टरिंग सिस्टम, फ्लाइट शेड्यूल की कमजोर योजना और यात्रियों को जानकारी देने में कमी शामिल थी। मंत्रालय ने यात्रियों को हुई बड़ी परेशानी को लेकर भी स्टेटस जाना।

  • रिफंड की स्थिति: कंपनी ने दावा किया कि दिसंबर तक जिन उड़ानों के रिफंड बनने थे, उनका 100% रिफंड पूरा कर दिया गया है। हालांकि, मंत्रालय ने बाकी रिफंड और यात्रियों के फंसे हुए सामान (बैग) को जल्दी पहुंचाने के लिए कड़ी हिदायत दी है।

इंडिगो का दावा: ऑपरेशन हुआ सामान्य

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ बैठक से पहले इंडिगो ने घोषणा की कि पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से जारी ऑपरेशनल संकट के बाद अब सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं

कंपनी ने बताया कि उसका ऑन-टाइम परफॉर्मेंस सामान्य स्तर पर लौट आया है और बुधवार (10 दिसंबर 2025) को करीब 1,900 उड़ानों को संचालित करने की योजना है।

डीजीसीए के साथ कल फिर बैठक

नागरिक उड्डयन मंत्रालय में बैठक के बाद, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स बुधवार (10 दिसंबर 2025) को एक बार फिर अलग से डीजीसीए (DGCA) की ओर से आयोजित बैठक में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *