वेस्टइंडीज के बाद अब इस देश का दौरा करेगी टीम इंडिया, नोट कर लीजिए डेट और टाइमिंग

हार के साथ वेस्टइंडीज दौरे का अंत करने के बाद टीम इंडिया को इसी महीने आयरलैंड का टूर करना है। भारत को इस दौरे पर तीन मैच की टी20 सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया की अगुवाई इस सीरीज में स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करेंगे तो लंबे अंतराल के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं।

चोटिल होने से पहले बुमराह ने सितंबर 2022 में भारत के लिए आखिरी मुकाबला खेला था। इसके बाद इसी साल उन्होंने अपनी पीठ की सर्जरी कराई और अब वह पूरी तरह फिट होकर टीम में वापसी कर रहे हैं। भारत के आयरलैंड दौरे का आगाज 18 अगस्त से होने जा रहा है। बीसीसीआई इस टूर के लिए टीम का ऐलान कर चुकी है। आइए एक नजर डालते हैं भारत के आयरलैंड दौरे से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों पर-

आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया डबलिन में दो अलग-अलग टुकड़ों में पहुंचेगी। कुछ खिलाड़ी वेस्टइंडीज का दौरा खत्म कर अमेरिका से उड़ान भरेंगे। वहीं जसप्रीत बुमराह समेत अन्य खिलाड़ी 15 अगस्त मंगलवार को भारत से आयरलैंड के लिए रवाना होंगे।

बिना हेड कोच के आयरलैंड दौरे पर जाएगी टीम इंडिया

आगामी एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट को देखते हुए राहुल द्रविड़ ने आयरलैंड दौरे पर टीम के साथ ना जाने का फैसला लिया है। राहुल द्रविड़ की गैरमौजूदगी में अकसर एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण यह भूमिका अदा करते नजर आते हैं, मगर इस बार उन्होंने भी आयरलैंड दौरे पर जाने से इनकार कर दिया है। ऐसे में टीम इंडिया बिना हेड कोच के ही आयरलैंड का टूर करेगी। हालांकि सितांशु कोटक और साईराज बहुतुले जैसे कुछ अन्य कोच इस टूर पर सहयोगी स्टाफ का हिस्सा होंगे।

भारत के आयरलैंड दौरे का शेड्यूल

पहला टी20- 18 अगस्त, शाम साढ़े 7 बजे से
दूसरा टी20- 20 अगस्त, शाम साढ़े 7 बजे से
तीसरा टी20- 23 अगस्त, शाम साढ़े 7 बजे से

भारत और आयरलैंड के स्क्वॉड

आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम- जसप्रीत बुमराह (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, आवेश खान।

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड का स्क्वॉड- पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबर्नी, मार्क अडायर, रॉस अडायर, कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, फिओन हैंड, जोश लिटिल, बैरी मैक्कार्थी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर, थियो वैन वोर्कोम, बेन व्हाइट, क्रेग यंग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *