नाम के बाद अब INDIA के लोगो की तैयारी, विपक्ष की मुंबई बैठक में क्या-क्या होगा; कांग्रेस नेता ने बताया

इंडिया गठबंधन की अगली बैठक एक सितंबर को मुंबई में होने वाली है। इससे पहले बैठक से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। इसके मुताबिक इसी दौरान इंडिया गठबंधन का कॉमन लोगो जारी किया जा सकता है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता अशोक चव्हाण ने यह जानकारी दी है। अशोक चव्हाण ने कहा कि इस बैठक में 26-27 पार्टियां हिस्सा ले सकती हैं। बता दें कि इंडिया गठबंधन की पहली बैठक पटना और दूसरी बैठक बेंगलुरु में हो चुकी है। बेंगलुरु की बैठक में संयुक्त विपक्ष का नाम इंडिया गठबंधन रखा गया था।

31 अगस्त अहम तारीख
अशोक चव्हाण ने बताया कि विपक्ष की बैठक से पूर्व 31 अगस्त की शाम को संयुक्त विपक्ष के सभी दल मुंबई में अनौपचारिक रूप से मिलेंगे। इसके बाद एक सितंबर को बैठक का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक दो बैठकें हो चुकी हैं। तीसरी बैठक में आगे का एजेंडा तय किया जाएगा। अशोक चव्हाण को मुताबिक 31 अगस्त को विपक्षी दलों की औपचारिक मुलाकात के दौरान ही इंडिया गठबंधन का कॉमन लोगो जारी किया जा सकता है।

अभी तक नहीं है लोगो
गौरतलब है कि अभी तक इंडिया गठबंधन का कोई कॉमन लोगो नहीं है। इससे पहले बेंगलुरु में आयोजित बैठक में संयुक्त गठबंधन को नया नाम दिया गया था। इस दौरान विभिन्न प्रमुख नेताओं की सहमति-असहमति के बीच गठबंधन को इंडिया नाम दिया गया। बताया गया कि गठबंधन को यह नाम देने का आइडिया राहुल गांधी का था। वहीं, अंदरखाने ऐसी भी खबरें आई थीं कि नीतीश कुमार इस नाम से संतुष्ट नहीं थे।

समय के साथ बढ़ी हैं चुनौतियां
इंडिया गठबंधन की बेंगलुरु और मुंबई की बैठक के बीच हालात काफी चुनौतीपूर्ण हो चुकी हैं। इस दौरान संसद में दिल्ली सरकार पर अध्यादेश और अविश्वास प्रस्ताव के दौरान विपक्षी एकता की अग्निपरीक्षा भी हो चुकी है। हालांकि दोनों ही मामलों में संयुक्त विपक्ष को मुंह की खानी पड़ी है। इसके अलावा विभिन्न प्रदेशों के विधानसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन के साथी ही एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। खासतौर पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तलवार खिंची हुई है। ऐसे में इंडिया गठंधन की मुंबई में होने वाली बैठक काफी ज्यादा मायने रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *