
रामचरित मानस और हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयान देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य एक और विवादित बयान दे डाला। यूपी के हरदोई पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदू राष्ट्र की मांग करने वालों को देशद्रोही बता दिया।
र्मार्य ने संविधान बदलने की मांग करने वालों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह जैसी कार्रवाई करने के लिए कानून बनाने की मांग की है। हरदोई के गांधी भवन में संविधान व आरक्षण संरक्षण सेना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। कालाबाजारी चरम पर है।
अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एससी-एसटी व ओबीसी आरक्षण को समाप्त करने की साजिश रच रही है। सपा नेता ने एससी-एसटी व ओबीसी की क्रीमीलेयर आय सीमा सात लाख किए जाने की मांग उठाई। पत्रकारों से बातचीत में स्वामी प्रसाद ने कहा कि ऊंची जाति के लोगों के घरों पर बुलडोजर नहीं चल रहे जो सनातन का अर्थ नहीं समझते वही ज्यादा बोल रहे हैं। ऊंच-नीच, जाति पात का भेदभाव सनातन धर्म नहीं है।
मैं ब्राह्मणों का सम्मान करता हूं लेकिन ब्राह्मण व्यवस्था का विरोध करता हूं। यह मनोबल को गिराने वाली है। जो व्यवस्था मुंह, हाथ-पैर से बच्चा पैदा होने की बात बताती है उसे ढोंग मानता हूं। उन्होंने कहा कि संसद का विशेष सत्र वैज्ञानिकों के काम का श्रेय लेने के लिए बुलाया गया है। चंद्रयान जहां से लैंड हुआ, उसका नाम वैज्ञानिक के नाम पर रखना चाहिए।
हरदोई में स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले को दिखाए काले झंडे
गांधी भवन में एक कार्यक्रम के दौरान जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शहर में सिनेमा चौराहे के पास उन्हें काले झंडे दिखाए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को काफिले के आगे आने से रोका। दोपहर में लखनऊ की तरफ से हरदोई-लखनऊ मार्ग पर स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला गुजरा। पहले से ही सड़क किनारे खड़े हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखते ही नारेबाजी की। काले झंडे दिखाए। इस बीच वहां सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। सड़क किनारे प्रदर्शनकारी काले झंडे दिखाते रहे वहीं कार में बैठे पूर्व मंत्री काफिले संग आगे बढ़े गए। सिटी मजिस्ट्रेट प्रशांत तिवारी ने बताया कि पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद थे। किसी तरह की असुरक्षा या कानून व्यवस्था की समस्या नहीं उत्पन्न हुई।
हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सनातन धर्म का अपमान किया है। इसीलिए उनके काफिले के निकलने पर काले झंडे दिखाए गए व स्याही फेंकी गई। जिला संयोजक वीरांगना वाहिनी रीता सिंह ने कहा कि हिन्दू धर्म के खिलाफ अपशब्दों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला सह संयोजक प्रांजल शुक्ल ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ सरकार कार्रवाई करे। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी संतोष भारती, पुष्पराज, पिंटू सिंह, राजेश पांडेय, पुष्पेंद्र सिंह, रीता सिंह, सौरभ सिंह, प्रतीक मिश्रा, शिवेंद्र प्रताप, अक्षय प्रताप, शशांक द्विवेदी, दीपांशु मिश्र, अंकित गौतम, राज, सुधीर, राम, चंद्रप्रताप आदि मौजूद रहे।