हिमाचल में नए चेहरों पर दांव लगा सकती है भाजपा, अनुराग ठाकुर का क्या होगा?

चुनाव में 400 पार के नारे के साथ उतर रही भाजपा हिमाचल प्रदेश में बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है। राज्य में कांगड़ा, शिमला, हमीरपुर और मंडी कुल चार लोकसभा सीटें हैं। वर्तमान में तीन सीट पर भाजपा के सांसद हैं और एक पर कांग्रेस का।माना जा रहा है कि भाजपा इस बार चार सीटों पर नए चेहरे उतार सकती है।हमीरपुर सीट से लगातार चार चुनाव जीतने वाले केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी इस बदलाव की जद में आ सकते हैं। सूत्रों की मानें तो गत दिनों उन्हें अपने घोषित कार्यक्रम छोड़कर अचानक दिल्ली जाना पड़ा। दिल्ली से उन्हें हाईकमान का बुलावा आया था। माना जा रहा था कि भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची में हमीरपुर से प्रत्याशी के रूप में अनुराग ठाकुर और शिमला से मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप के नामों की घोषणा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी बीच, ठाकुर के पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी दिल्ली चले गए। हालांकि, बताया जा रहा है कि वह अपने उपचार के लिए दिल्ली में हैं।अनुराग ठाकुर की सीट बदलने की चर्चा बीते कुछ समय से अनुराग ठाकुर को कभी चंडीगढ़ तो कभी कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव में उतारने की चर्चाएं हैं। कांग्रेस में बगावत के बाद सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अयोग्य विधायक राजेंद्र राणा ने भी अपने तार भाजपा के साथ जोड़ लिए हैं। राणा का नाम भी चर्चाओं में है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के छोटे बेटे हरीश नड्डा भी हमीरपुर से टिकट के दावेदारों में से एक हैं।मंडी से दमदार प्रत्याशी उतारने की तैयारी मंडी संसदीय क्षेत्र से भी भाजपा बदलाव की तैयारी में है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अभिनेत्री कंगना रनौत के नामों की चर्चा है। लोकसभा उपचुनाव में यह सीट कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जीती थी। भाजपा अब इस सीट को कांग्रेस से छीनना चाहती है।कांगड़ा में कई नामों पर चर्चा कांगड़ा सीट से मौजूदा सांसद किशन कपूर का नाम तक भी इस बार राज्य चुनाव समिति ने हाईकमान को नहीं भेजा । यहां से पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, डॉ. राजीव भारद्वाज और घनश्याम शर्मा के नाम भेजे जाने की सूचना है। कांगड़ा सीट से कांग्रेस के बागी नेता सुधीर शर्मा पर भी भाजपा हाईकमान की नजरें हैं। शिमला से चार नाम भेजे शिमला (आरक्षित) सीट से मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप के साथ पूर्व मंत्री डॉ.राजीव सैजल, पूर्व मेयर कुसुम सदरेट और शशि बाला के नाम भेजे गए हैं।

कांगड़ा सीट
●किशन कपूर ने विपक्षी उम्मीदवार को बड़े अंतर हराया
●उन्हें कुल सात लाख 25 हजार 218 वोट मिले

हमीरपुर सीट
●केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चौथी बार जीत हासिल की
●छह लाख 82 हजार 692 वोट उनके पक्ष में पड़े

मंडी सीट
●भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप ने 2019 में यहां से जीत हासिल की थी, लेकिन 2021 में उनके निधन से यह सीट खाली हो गई
●2021 में ही मंडी सीट पर हुए उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने भाजपा उम्मीदवार खुशहाल ठाकुर को मामूली अंतर से मात दी

शिमला (आरक्षित) सीट
●सुरेश कश्यप ने इस सीट से विजय हासिल की
●छह लाख छह हजार 182 वोट उन्हें प्राप्त हुए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *