हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा — हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे महिलाओं को, लॉन्च हुई ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’

Haryana Deen Dayal Lado Lakshmi Scheme: हरियाणा की महिलाओं के लिए खुशखबरी! मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत कर दी है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जाएंगे।

1 लाख रुपये वार्षिक आय से कम वालों को मिलेगा लाभ

सरकार की यह योजना उन परिवारों की महिलाओं के लिए है जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1 लाख रुपये से कम है। योजना के तहत 23 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं लाभ के लिए पात्र होंगी। मुख्यमंत्री ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल हरियाणा की महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम है।

1 नवंबर से 5.22 लाख महिलाओं को मिले पैसे

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि 1 नवंबर से राज्य की 5,22,162 पात्र महिलाओं के खातों में 2100 रुपये की पहली किस्त ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देगी।

रजिस्ट्रेशन करने वाली महिलाओं की संख्या 7 लाख के पार

राज्य सरकार के मुताबिक, 25 सितंबर से 31 अक्टूबर तक 6,97,697 महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें से 6,51,529 विवाहित और 46,168 अविवाहित महिलाएं हैं।
फिलहाल बाकी महिलाओं की KYC प्रक्रिया जारी है और सरकार ने बताया कि ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन अब भी खुले हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस योजना से जुड़ सकें।

महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का दावा है कि इस योजना से लाखों महिलाएं न सिर्फ घरेलू जरूरतें पूरी कर पाएंगी, बल्कि अपने परिवार के आर्थिक फैसलों में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा की हर महिला ‘आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त’ बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *