हार्दिक पांड्या हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच से बाहर, बीसीसीआई ने किया कन्फर्म

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने शुक्रवार को यह साफ कर दिया है कि हरफनमौला हार्दिक पांड्या न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी मैच में चोट के चलते नहीं खेलेंगे।वह 20 अक्टूबर यानी आज टीम इंडिया के साथ धर्मशाला के लिए उड़ान नहीं भरेंगे। हार्दिक पांड्या अब सीधा लखनऊ में भारतीय दल से जुड़ेंगे जहां उनका सामना गत चैंपियन इंग्लैंड से होना है। बता दें, बांग्लादेश के खिलाफ अपने स्पेल का पहला ओवर डाल रहे हार्दिक पांड्या तीसरी गेंद पर चौका रोकने के प्रयास में वह चोटिल हो गए थे। मैदान पर फीजियो ने टेपिंग की और गर्म पट्टी बांधी, लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। वे गेंदबाजी करने की कोशिश में दिखे, लेकिन दर्द बहुत ज्यादा था। ऐसे में विराट कोहली ने उनका ओवर पूरा किया। हार्दिक को बाद में स्कैन के लिए भी ले जाया गया।बीसीसीआई ने शुक्रवार को प्रेस रिलीज जारी कर कहा ‘टीम इंडिया के उप-कप्तान हार्दिक पंड्या को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के दौरान अपनी ही गेंदबाजी पर फील्डिंग करते समय बाएं टखने में चोट लग गई थी। ऑलराउंडर को स्कैन के लिए ले जाया गया और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की लगातार निगरानी में रहेंगे।’प्रेस रिलीज में आगे जानकारी दी गई है ‘वह 20 अक्टूबर को टीम के साथ धर्मशाला के लिए उड़ान नहीं भरेंगे और अब सीधे लखनऊ में टीम से जुड़ेंगे जहां भारत इंग्लैंड से खेलेगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *