गुजरात निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान, 26 अप्रैल को मतदान, 28 अप्रैल को आएंगे नतीजे

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में 26 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 28 अप्रैल को की जाएगी। इस चुनाव में पूरे राज्य की कुल 9992 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी।

6 अप्रैल से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदवार 6 अप्रैल से नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन भरने की अंतिम तारीख 11 अप्रैल तय की गई है। वहीं, उम्मीदवार 13 अप्रैल तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। महानगरपालिका, नगरपालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत—सभी निकायों के लिए एक ही दिन मतदान कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने किया ऐलान

गांधीनगर में स्टेट इलेक्शन कमीशन के चीफ इलेक्शन ऑफिसर एस. मुरलीकृष्णा ने स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा की। उनके अनुसार 15 म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों की कुल 9992 सीटों के लिए चुनाव होंगे। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराया जाएगा और 28 अप्रैल को मतगणना होगी।

राज्य में लागू हुई आचार संहिता

चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे गुजरात में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू कर दिया गया है। नए ओबीसी आरक्षण लागू होने के बाद यह राज्य का पहला बड़ा चुनाव माना जा रहा है। इस चुनाव में करीब 4 करोड़ 18 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

कहां कितनी सीटों पर होगा चुनाव

  • म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (MC): जूनागढ़ और गांधीनगर को छोड़कर 15 नगर निगमों की 1044 सीटों पर मतदान होगा।
  • नगरपालिकाएं: 7 नई नगरपालिकाओं के जुड़ने के बाद 84 नगरपालिकाओं की 2624 सीटों पर चुनाव होंगे।
  • जिला पंचायत: 34 जिला पंचायतों की 1090 सीटें चुनाव में शामिल हैं। इनमें 24 जिला पंचायतों की सीमाओं में परिसीमन (डीलिमिटेशन) किया गया है।
  • तालुका पंचायत: 260 तालुका पंचायतों की 5234 सीटों पर मतदान होगा। 53 तालुका पंचायतों में परिसीमन बदला गया है।

यह चुनाव राज्य की स्थानीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि नई आरक्षण व्यवस्था के बाद पहली बार मतदाता प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *