गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम सात बजे आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा।

राष्ट्रपति का यह संबोधन हिंदी में होगा, जिसे बाद में अंग्रेजी में भी प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद, दूरदर्शन के माध्यम से राष्ट्रपति मुर्मू के इस संबोधन का हिंदी और अंग्रेजी संस्करण प्रसारित किया जाएगा।

डीडी के क्षेत्रीय चैनल्स पर स्थानीय भाषाओं में भी इस संबोधन का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा, आकाशवाणी रात साढ़े नौ बजे अपनी संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क्स पर स्थानीय भाषाओं में इस संबोधन का प्रसारण करेगा।

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से बयान जारी कर बताया गया, “दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में इस संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल क्षेत्रीय भाषाओं में इसे प्रसारित करेंगे। आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढ़े नौ बजे से इस राष्ट्रीय संबोधन का क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण करेगी।”

बता दें कि हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति देश को संबोधित करती हैं। अपने इस संबोधन में राष्ट्रपति देश के नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देती हैं और देश की एकता, अखंडता और विकास पर जोर देती हैं। इसके अलावा, वह देश के नागरिकों से अपील करती हैं कि वह देश की तरक्की और समृद्धि में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *