माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स (पहले ट्विटर), मंगलवार (18 नवंबर 2025) की शाम करीब 5 बजे अचानक भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में ठप पड़ गया। इस आउटेज ने यूजर्स को काफी समस्याओं का सामना करने के लिए मजबूर किया, क्योंकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लगभग 30 मिनट तक डाउन रहा। एक्स के डाउन होने के साथ ही AWS (अमेजन वेब सर्विसेज) और क्लाउडफ्लेयर जैसी प्रमुख सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
डाउनडिटेक्टर पर 1300 से ज्यादा शिकायतें
डाउनटाइम को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, शाम 5:15 बजे के आसपास 1300 से ज्यादा यूजर्स ने एक्स के डाउन होने की शिकायतें दर्ज कीं।
शिकायतें मुख्य रूप से फीड (47 फीसदी), वेबसाइट (30 फीसदी) और सर्वर कनेक्शन (23 फीसदी) से संबंधित थीं।
हालांकि, एक्स डाउन होने के दौरान मोबाइल ऐप पर सोशल मीडिया काम कर रहा था, लेकिन वेबसाइट पर इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही थी।
क्लाउडफ्लेयर भी प्रभावित, अन्य सेवाओं पर पड़ा असर
इस आउटेज का असर वेब इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी क्लाउडफ्लेयर पर भी पड़ा, जिसका सीधा असर अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर पड़ रहा था। क्लाउडफ्लेयर एक इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है जो वेबसाइटों को साइबर हमलों से बचाती है और यह सुनिश्चित करती है कि वे भारी ट्रैफिक के बावजूद ऑनलाइन रहें।
करीब 30 मिनट के बाद अब एक्स फिर से पहले की तरह काम करने लगा है और पेज रिफ्रेश हो रहे हैं। एलन मस्क की कंपनी एक्स ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी कर यह नहीं बताया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डाउन क्यों हुआ था।